नई दिल्ली: आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने कई राज्यों के प्रभारी महासचिवों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। चुनावी राज्य पंजाब की कमान अब राजस्थान के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट को सौंपी गई है। पायलट ने भूपेश बघेल की जगह ली है, जबकि बघेल को असम का प्रभारी बनाया गया है।
सचिन पायलट इससे पहले छत्तीसगढ़ के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके स्थान पर सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी के इस बदलाव को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है। हालांकि, वह कर्नाटक के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे। गुजरात में वर्ष 2027 के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, जबकि पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में दोनों राज्यों में संगठन की तैयारियां पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने नियुक्तियों को लेकर बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी के पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अलग-अलग राज्यों के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) महासचिव और प्रभारी के तौर पर फिर से नियुक्त किया है।
पार्टी के नए बदलाव के तहत सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़, डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पीवी मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, मुकुल वासनिक कांग्रेस महासचिव के पद पर बने रहेंगे।
कांग्रेस ने कुछ प्रभारी महासचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त भी किया है। पार्टी ने जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर के अब तक के योगदान की सराहना की है। संगठन में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी तैयारियों को तेज करने में जुटी है।
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं, जबकि गुजरात में 2027 के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में सचिन पायलट और रणदीप सुरजेवाला को दी गई जिम्मेदारियां कांग्रेस की चुनावी रणनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही हैं।

