-विधायक समेत विभिन्न दलों के लोगों ने व्यवस्था पर जताई नाराजगी
-डिस्ट्रिक्ट चौक जाम कर मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
-अजय निराला/उज्ज्वल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (सदर अस्पताल) में बच्चे को जन्म देने के बाद चुरचू प्रखंड के नीमाडीह निवासी संगीता देवी की मौत हो गई। घटना के बाद शनिवार को परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों के समर्थन में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी सामने आए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर डिस्ट्रिक्ट चौक जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतका के पति रंजन कुमार रविदास ने बताया कि उन्होंने पांच नवंबर को अपनी पत्नी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। उनके अनुसार, शुरुआत में डॉक्टरों ने सामान्य प्रसव की बात कही, लेकिन बाद में अचानक सिजेरियन ऑपरेशन की जरूरत बताई गई। ऑपरेशन के बाद संगीता की सांस फूलने लगी। पति का आरोप है कि उन्होंने ऑक्सीजन लगाने की मांग की, लेकिन समय पर ऑक्सीजन नहीं दी गई। इसी दौरान एक नर्स ने इंजेक्शन लगाया और उनकी पत्नी की मौत हो गई।
रंजन कुमार ने इलाज में कोताही और लापरवाही को पत्नी की मौत की वजह बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पहले से दो छोटी बेटियां हैं। पत्नी की मौत के बाद परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की।
स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह अस्वस्थ : प्रदीप प्रसाद
सदर अस्पताल पहुंचे विधायक प्रदीप प्रसाद ने जिले की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हजारीबाग की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और पूरे सिस्टम में सुधार की जरूरत है। उनके मुताबिक, सदर अस्पताल में विभिन्न विभागों से लेकर ऑक्सीजन की उपलब्धता तक कई स्तरों पर समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि गरीब मरीजों की परेशानियों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्री की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए।
स्वास्थ्य मंत्री से करेंगे बात : मुन्ना सिंह
कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने भी सदर अस्पताल की व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अस्पताल की स्थिति में सुधार की जरूरत है। इस मुद्दे को लेकर वह स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से बात करेंगे।
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई : पुलिस
सदर थाना पुलिस ने कहा कि मामले में आवेदन मिलने पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।




