HomeBreaking News26 नवंबर को 26/11 जैसी वारदात दोहराने की धमकी, हैदराबाद पुलिस और...

26 नवंबर को 26/11 जैसी वारदात दोहराने की धमकी, हैदराबाद पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटी

धमकी भरे ई-मेल में 300 लोगों की हत्या की बात, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की
हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 26/11 मुंबई आतंकी हमले जैसी वारदात को दोहराने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। एक धमकी भरे ई-मेल में शहर के होटल और रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल भेजने वाले ने करीब 300 लोगों की हत्या करने की धमकी भी दी है।

जानकारी के अनुसार, हैदराबाद पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने 21 नवंबर को सुरक्षा अलर्ट जारी किया था। ई-मेल में काचीगुड़ा स्थित होटल टूरिस्ट प्लाजा और काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन को निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी देने वाले ने 26 नवंबर को वर्ष 2008 के मुंबई हमले जैसी घटना को अंजाम देने की बात कही है।

ई-मेल भेजने वाले ने खुद को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा बताया है। उसने कथित तौर पर लश्कर कमांडर लतीफ भट और उसके साथियों के मारे जाने का बदला लेने की बात कही है। हालांकि, ई-मेल भेजने वाले का लश्कर-ए-तैयबा से संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

होटल, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा

धमकी मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस ने होटल, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों और महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और लावारिस सामान पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने संभावित खतरे को देखते हुए संदिग्ध स्थानों पर एंटी-सैबोटाज जांच भी कराई है। शहर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। वहीं, साइबर क्राइम पुलिस धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस ने लोगों से की अफवाहों से बचने की अपील

हैदराबाद पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, यदि किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई देती है, तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शहर में नागरिकों की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments