HomeBreaking Newsपलामू के नौडीहा बाजार में गृह प्रवेश का भोज खाने से 200...

पलामू के नौडीहा बाजार में गृह प्रवेश का भोज खाने से 200 से अधिक लोग बीमार, 19 छतरपुर अस्पताल में भर्ती

मेदिनीनगर। पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुना खरडीहा गांव में गृह प्रवेश समारोह का भोज खाने से 200 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। रविवार सुबह अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से बीमार 19 लोगों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कई अन्य लोग स्थानीय स्तर पर इलाज करा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, जमुना खरडीहा गांव निवासी विमलेश यादव के नवनिर्मित मकान में गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया था। इस अवसर पर गांव के लोगों के साथ आसपास के ग्रामीणों को भी भोज कराया गया था। समारोह में पूड़ी, बुंदिया, सब्जी समेत कई तरह के पकवान बनाए गए थे।

बताया जाता है कि शनिवार को भोज खाने के बाद कुछ लोगों की तबीयत खराब हुई थी, लेकिन उस समय स्थिति सामान्य थी। रविवार सुबह अचानक एक के बाद एक बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या 200 से अधिक हो गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए 19 लोगों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दूषित भोजन से फूड पॉइजनिंग की आशंका

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गृह प्रवेश समारोह में परोसा गया भोजन दूषित होने के कारण लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हुए हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम अलर्ट

पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। बीमार लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

वहीं, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments