HomeLatest Newsरांची में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य...

रांची में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य नगर कीर्तन यात्रा, वाहेगुरु के जयकारों से गूंजा शहर

रांची। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को राजधानी रांची में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सिख धर्मावलंबियों के साथ अन्य समुदायों के लोगों ने भी हिस्सा लिया। नगर कीर्तन जिस मार्ग से गुजरा, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर उसका स्वागत किया। पूरे रास्ते वाहेगुरु के जयकारे गूंजते रहे और राजधानी का माहौल भक्तिमय बना रहा।

नगर कीर्तन की शुरुआत रातू रोड स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा मैदान से हुई। इससे पहले गुरुद्वारा परिसर में विशेष दीवान सजाया गया, जहां कीर्तनी जत्थों ने गुरुवाणी और शबद कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। इसके बाद पंच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन निकाला गया। शोभायात्रा न्यू मार्केट चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक और सर्जना चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ी। नगर कीर्तन का समापन पीपी कंपाउंड स्थित श्री गुरु नानक स्कूल परिसर में होगा।

झांकियों और बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

नगर कीर्तन का सबसे आकर्षक नजारा इसमें शामिल विभिन्न झांकियां और बच्चों की प्रस्तुतियां रहीं। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने गुरु नानक देव जी के उपदेशों और सिख परंपराओं को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया। बच्चों ने वाहेगुरु का स्मरण करते हुए आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। वहीं, गतका दल के सदस्यों ने अपने पारंपरिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन कर लोगों को रोमांचित किया। तलवारबाजी और अन्य पारंपरिक करतब देखने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।

सेवा शिविर और 20 हजार लोगों के लिए लंगर की व्यवस्था

नगर कीर्तन के दौरान सेवा और समर्पण की भावना भी देखने को मिली। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए। कहीं पानी और प्रसाद का वितरण किया गया, तो कहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य व्यवस्थाएं की गईं। इस अवसर पर गुरु के अटूट लंगर का भी आयोजन किया गया है, जिसमें करीब 20 हजार लोगों के शामिल होने की तैयारी की गई है।

सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम

नगर कीर्तन को लेकर शहर में सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग पर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली इस भव्य शोभायात्रा ने रांची में सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर पेश की। गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता, मानवता और सेवा के संदेश के साथ राजधानी की सड़कें भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगी नजर आईं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments