रांची। झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वर्ष 2050 के विकसित झारखंड की तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य की जरूरतों और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखकर काम कर रही है। आज झारखंड की नीतियां और योजनाएं देश के अन्य राज्यों के लिए नजीर बन रही हैं। विशेषकर महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में राज्य के प्रयासों की दूसरे राज्यों में भी सराहना हो रही है।
रविवार को विधानसभा परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी को विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है। यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। इसकी गरिमा, ताकत और लोकतांत्रिक व्यवस्था को पूरी दुनिया मानती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में विभिन्न संवैधानिक पदों पर बैठे जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और समितियों की अपनी-अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। सभी का उद्देश्य राज्य का विकास, जनकल्याण और आम लोगों के हितों की रक्षा करना है। विधानसभा वह महत्वपूर्ण मंच है, जहां राज्य के भविष्य, नीतियों और आम नागरिकों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होता है।
महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं में झारखंड की अलग पहचान
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड ने अपनी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से देश में अलग पहचान बनाई है। खासकर महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार के कामों की दूसरे राज्यों में भी चर्चा हो रही है। झारखंड की योजनाओं और कार्यप्रणाली से अन्य राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। विकास की मुख्यधारा से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे, इसके लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ काम कर रही है।
2050 तक विकसित, समृद्ध और सशक्त झारखंड बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2050 तक झारखंड कैसा होगा, राज्य विकास के किन नए आयामों को हासिल करेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसी व्यवस्था तैयार होगी, इन सभी बातों को ध्यान में रखकर सरकार लगातार काम कर रही है। हमारा प्रयास झारखंड को विकसित, समृद्ध और सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के निर्माण के पीछे पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों का लंबा संघर्ष और बलिदान रहा है। अलग राज्य के आंदोलन में जिन लोगों ने योगदान दिया, उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सरकार प्रतिबद्ध है कि विकास का लाभ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचे और उनके लिए बेहतर भविष्य का निर्माण हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में राज्य के आम लोगों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं। सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।
2050 तक झारखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाने का संकल्प लें : राज्यपाल
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं हैं। खनिज, वन संपदा, कृषि, पर्यटन, उद्योग और युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। जरूरत है कि इन संसाधनों का संतुलित, पारदर्शी और दूरदर्शी तरीके से उपयोग किया जाए।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से संकल्प लेने की अपील की कि वर्ष 2050 तक झारखंड देश का नंबर वन राज्य बने। राज्यपाल ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का पावन मंदिर है। यहां जनता की आकांक्षाएं विचारों का रूप लेती हैं और विचार नीतियों तथा कानून के माध्यम से जनकल्याण का आधार बनते हैं। सदन में उठने वाले सवालों में जनता की समस्याएं और अपेक्षाएं प्रतिबिंबित होती हैं। इसलिए सदन की कार्यवाही में सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
जनता की आवाज बने विधानसभा, सिर्फ बैठकों और विधेयकों तक सीमित न रहे : स्पीकर
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सदन की उपलब्धियों, लोकतांत्रिक परंपराओं और भविष्य की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विधानसभा की उपलब्धि केवल बैठकों की संख्या या पारित विधेयकों से नहीं मापी जा सकती। इसकी असली सफलता इस बात में है कि सदन जनता की समस्याओं का कितना समाधान निकाल पाता है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा को यह सुनिश्चित करना होगा कि झारखंड के दूर-दराज के गांवों में रहने वाले नागरिकों की आवाज भी सदन तक पहुंचे।
शिबू सोरेन और कांग्रेस नेताओं के संघर्ष से बना झारखंड : राधाकृष्ण किशोर
संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने झारखंड के गठन में शिबू सोरेन और कांग्रेस नेताओं के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अलग राज्य का दर्जा दिलाने के पीछे कई महान नेताओं का संघर्ष और दूरदर्शी सोच रही है। सोनिया गांधी और राजीव गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के योगदान को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
मंत्री ने उत्कृष्ट विधायक चुने गए निरल पूर्ति को बधाई देते हुए कहा कि उनमें ईमानदारी, कर्मठता, प्रभावशाली विचार और जवाबदेही जैसे गुण हैं। अन्य जनप्रतिनिधियों को भी उनसे सीखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संसदीय व्यवस्था तभी मजबूत होगी, जब कार्यपालिका भी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएगी।
गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी दूर नहीं हुई, आत्ममंथन जरूरी : बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के 26 साल बाद भी गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी समस्याएं पूरी तरह दूर नहीं हो सकी हैं। ऐसे में सरकार को आत्ममंथन करने और जनता की आवाज सुनने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को हुआ था। अलग राज्य के लिए लंबे समय तक आंदोलन चला और इस संघर्ष में कई लोगों ने शहादत दी। उन्होंने झारखंड आंदोलन में योगदान देने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही अलग राज्य के गठन में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को भी याद किया।
उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति समेत कई लोगों को किया गया सम्मानित
स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट विधायक, विधानसभा के पूर्व सदस्यों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस वर्ष मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद निरल पूर्ति ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और मेहनतकश लोगों के संघर्ष का सम्मान है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक ऊर्जा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ पूरे झारखंड की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर झारखंड विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। साथ ही ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण भी हुआ।
समारोह में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति, विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार समेत कई विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा के पदाधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

