उज्जवल दुनिया संवाददाता | अजय निराला
हजारीबाग। चतरा जिले में सीसीएल की मगध और आम्रपाली कोयला उत्खनन परियोजना के कमांड एरिया में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ CISF और झारखंड पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान बुकरू रेलवे साइडिंग के पास स्थित हैही गांव से करीब 40 मीट्रिक टन अवैध रूप से भंडारित कोयला बरामद किया गया।
विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में CISF और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम शामिल थी। CISF की टीम का नेतृत्व उप कमांडेंट केके वानखेम (KK Wankhem) ने किया, जबकि झारखंड पुलिस की टीम की अगुवाई उपनिरीक्षक अनुभव सिन्हा ने की। अभियान में बालूमाथ थाना के अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।
संयुक्त टीम ने मगध परियोजना के बुकरू रेलवे साइडिंग के निकट हैही गांव में छापेमारी कर लगभग 40 मीट्रिक टन अवैध रूप से जमा किया गया कोयला जब्त किया। बरामद कोयले को आगे की कार्रवाई के लिए सीसीएल मगध प्रबंधन को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई को कोयले की अवैध तस्करी और भंडारण पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे CISF और झारखंड पुलिस के बीच बेहतर तालमेल, आपसी सहयोग और सूचना तंत्र की प्रभावशीलता भी सामने आई है।
गौरतलब है कि मगध और आम्रपाली कोयला क्षेत्रों में CISF की तैनाती का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ सरकार की ‘जीरो कोल लीकेज पॉलिसी’ (शून्य कोयला रिसाव नीति) को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहयोग करना है। इसके लिए स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन, खनन विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं।


