रांची। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय डिप्रेशन और कम दबाव के प्रभाव से झारखंड में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रांची में पिछले कई घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जबकि हरमू नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे स्थित घरों में पानी घुस गया।
लगातार बारिश के कारण पंचशील नगर, पंडरा डैम, हरमू आनंद नगर और निवारणपुर समेत हरमू नदी के आसपास के कई इलाकों में पानी भर गया। कई प्रमुख सड़कों पर भी जलजमाव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी भरने के कारण पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
पंचशील नगर में घर में घुसा पानी
पंचशील नगर निवासी कृष्ण कुमार के अनुसार, देर रात तक हुई तेज बारिश के बाद अचानक उनके घर में पानी घुस गया। इससे परिवार को काफी परेशानी हुई। सूचना मिलने के बाद रांची नगर निगम की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और पानी निकालने का काम शुरू किया। इसके बाद इलाके में स्थिति कुछ सामान्य हुई।
हरमू नदी का बढ़ा जलस्तर
निवारणपुर निवासी सचिन मल्होत्रा ने बताया कि बारिश के दौरान हरमू नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के घरों में पानी घुसना हर साल की समस्या बन जाती है। इस बार भी लगातार बारिश के बाद इलाके में जलभराव हो गया। हालांकि बारिश की रफ्तार कम होने के बाद अब पानी का स्तर धीरे-धीरे घट रहा है।
तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची समेत झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली हवाएं झारखंड की ओर पहुंच रही हैं। मानसूनी गतिविधियां तेज होने के कारण कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है।
इधर, प्रशासन और नगर निगम की टीमें जलजमाव वाले क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से निचले इलाकों और जलभराव वाली सड़कों पर सावधानी बरतने की अपील की गई है।

