धनबाद। फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिलने की उम्मीद है। कोलकाता से गिरफ्तार किए गए बंटी खान को धनबाद लाया गया, जहां बैंक मोड़ थाना में उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने सुरक्षा के बीच उसे शहर की सड़कों पर पैदल मार्च कराया। पुलिस के इस कदम को प्रिंस खान गैंग के कथित खौफ के खिलाफ एक सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
एसएसपी प्रभात कुमार के मुताबिक, बंटी खान ने पूछताछ में कई अहम जानकारियां साझा की हैं। उसने कुछ ऐसे लोगों के नाम भी बताए हैं, जो पहले पुलिस के रडार पर नहीं थे। इसके अलावा झरिया समेत स्थानीय इलाके के कुछ टर्मिनल और सेफ हाइडआउट के बारे में भी जानकारी दी है, जहां बैठकर अपराध की प्लानिंग किए जाने की बात सामने आई है। एसएसपी ने बताया कि बंटी ने बहुत सारे राज उगले हैं और पुलिस अब उसे उन जगहों पर लेकर जा रही है, जहां संलिप्त सामान होने की सूचना है। उसके बताए ठिकानों की जांच की जा रही है।
पुलिस को प्रारंभिक जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि बंटी खान विदेश भागने की तैयारी में था। उसके पास से मिले दस्तावेजों से इसकी पुष्टि हो रही है, हालांकि दस्तावेज असली हैं या फर्जी, इसकी विस्तृत जांच अभी जारी है। पुलिस संबंधित एजेंसियों और कार्यालयों के जरिए इन दस्तावेजों का सत्यापन कराएगी। एसएसपी ने कहा कि जो दस्तावेज मिले हैं, उसमें ऐसा लग रहा है कि वह विदेश भागने की तैयारी में था, लेकिन डिटेल्ड पूछताछ की जा रही है।
बंटी खान के खिलाफ करीब 15 से 20 आपराधिक मामले होने की बात सामने आई है। पुलिस इसका विस्तृत रिकॉर्ड खंगाल रही है। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद जब बंटी बाहर आया, तो उसकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर बनी हुई थी। इसी दौरान उसके विदेश भागने की तैयारी की सूचना पुलिस तक पहुंची और कोलकाता में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस की अगली रणनीति साफ है। कानूनी प्रक्रिया के तहत बंटी खान को जेल भेजा जाएगा और इसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
पुलिस यह जानना चाहती है कि अपराध की प्लानिंग कहां होती थी, कौन-कौन लोग इसमें शामिल थे, किन ठिकानों का इस्तेमाल किया जाता था और प्रिंस खान के विदेश में बैठे नेटवर्क से उसका संपर्क किस तरह बना हुआ था। एसएसपी ने बताया कि आज इसको जेल भेजा जाएगा और फिर रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। इस मामले में एक और बड़ा सवाल यह है कि क्या बंटी खान के साथ दूसरे लोग भी इस प्लानिंग में शामिल थे? एसएसपी ने साफ किया है कि बंटी के साथ कुछ लोग जरूर थे, लेकिन प्रारंभिक जांच में उनकी संलिप्तता नहीं मिली है, इसलिए फिलहाल गिरफ्तारी सिर्फ बंटी खान की हुई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रिंस खान के चार भाइयों में एक भाई जेल में है, एक बंटी खान पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि दो भाई विदेश में होने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि परिवार के सदस्यों और प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क के बीच किस तरह का संपर्क और समन्वय रहा है। बंटी खान की गिरफ्तारी से ज्यादा अहम है उसके द्वारा बताए गए नए नाम। संदिग्ध ठिकाने, सेफ हाइडआउट, अपराध की प्लानिंग और विदेश भागने की तैयारी से पुलिस के सामने जांच के कई रास्ते खुल गए हैं। अब बंटी खान की पुलिस रिमांड इस पूरे मामले में सबसे अहम होने वाली है, क्योंकि पुलिस की कोशिश सिर्फ यह पता लगाने की नहीं है कि बंटी विदेश क्यों और कैसे भाग रहा था, बल्कि यह जानने की भी है कि प्रिंस खान का नेटवर्क जमीन से लेकर विदेश तक कैसे ऑपरेट हो रहा है। यदि बंटी खान की निशानदेही पर बताए गए ठिकानों से कोई अहम सुराग या आपत्तिजनक सामान बरामद होता है, तो आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

