नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वच्छता, युवा प्रतिभाओं और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को लेकर लोगों से कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि जब किसी महिला का कारोबार आगे बढ़ता है तो इसका सकारात्मक असर पूरे परिवार पर पड़ता है। बच्चों की शिक्षा, घर की जरूरतों को पूरा करने से लेकर महिला के आत्मविश्वास तक में सुधार आता है।
प्रधानमंत्री ने सड़क किनारे सामान बेचने वाली महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि महिला उद्यमिता सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण है।
स्वच्छता में जनभागीदारी जरूरी
PM मोदी ने स्वच्छता को नागरिकों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी बताते हुए अमरनाथ यात्रा का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष यात्रा के दौरान हजारों सफाई कर्मियों ने कठिन परिस्थितियों में दिन-रात सेवा की। इस दौरान 400 मीट्रिक टन से अधिक कचरा एकत्र कर उसका निपटारा किया गया।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता अभियान में तीर्थयात्रियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। 16 हजार से अधिक लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली, जबकि 10 हजार से ज्यादा यात्रियों को ‘Responsible Yatri’ का प्रमाणपत्र दिया गया।
अंतरिक्ष में बेटियों की उड़ान
प्रधानमंत्री ने युवा महिलाओं की वैज्ञानिक प्रतिभा का उल्लेख करते हुए ‘मिशन शक्तिसैट’ की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह पहल दुनिया भर की महत्वाकांक्षी छात्राओं को अंतरिक्ष तकनीक से जोड़ने का प्रयास है। मिशन के तहत 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक सीखने और अंतरिक्ष नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलने की बात कही गई।
त्योहारों में ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश
आगामी त्योहारों का जिक्र करते हुए PM मोदी ने कहा कि त्योहार हमारी परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज को एकजुट होने का अवसर भी देते हैं। उन्होंने 4 सितंबर को जन्माष्टमी और इसी महीने विश्वकर्मा पूजा का उल्लेख किया।
उन्होंने लोगों से स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ केवल मिट्टी के दीये खरीदने तक सीमित नहीं है। घर के लिए सामान खरीदते समय यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उत्पाद भारत में बना हो।
PM मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का रास्ता भारतीय उत्पादों पर गर्व करने से मजबूत होगा। उन्होंने इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी नागरिकों से साझा करने की अपील की।

