Homeराजनीति'दिवाली खुशियों की ईद' बयान पर सियासी घमासान, भाजपा और AIMIM ने...

‘दिवाली खुशियों की ईद’ बयान पर सियासी घमासान, भाजपा और AIMIM ने खरगे को घेरा, कांग्रेस ने किया बचाव

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ बताने वाले बयान पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। खरगे के बयान पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरते हुए तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया है। वहीं, एआईएमआईएम ने भी इस टिप्पणी को राजनीतिक स्टंट बताया है। दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने खरगे का बचाव करते हुए कहा कि उनके बयान का मकसद सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देना था।

खरगे ने दिवाली को बताया था ‘खुशियों की ईद’

दिवाली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि दिवाली भारत का प्रमुख त्योहार है, जिसे पूरे देश में मनाया जाता है। उन्होंने इसे खुशियों का त्योहार बताते हुए ‘खुशियों की ईद’ कहा था।

खरगे ने कहा था कि दिवाली शांति, सौहार्द और राष्ट्रीय भाईचारे का प्रतीक है। सभी समुदायों के त्योहार लोगों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं। उन्होंने देशवासियों से आपसी दूरियां और गलतफहमियां मिटाकर राष्ट्रीय एकता मजबूत करने की अपील भी की थी।

भाजपा ने बताया तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति

खरगे की टिप्पणी पर भाजपा नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को सनातन विरोधी बताते हुए सवाल उठाए कि एक हिंदू त्योहार को दूसरे धर्म के त्योहार से जोड़ने की क्या जरूरत थी।

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी खरगे के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिवाली की अपनी परंपरा, पवित्रता और सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने राहुल गांधी और खरगे से सवाल किया कि क्या वे कभी ईद को ‘खुशियों की दिवाली’ कहने का साहस दिखाएंगे।

AIMIM ने भी साधा निशाना

इस विवाद में एआईएमआईएम भी शामिल हो गई। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने खरगे की टिप्पणी को राजनीतिक स्टंट बताया।

उन्होंने कहा कि दिवाली हिंदू भाइयों का बड़ा त्योहार है, जिसे वे पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं। इसी तरह ईद भी सभी की साझा खुशी का त्योहार है। पठान ने आरोप लगाया कि दोनों त्योहारों को एक समान बताने वाले बयान किसी खास वोटर समुदाय को खुश करने की राजनीतिक कोशिश हैं।

शिवसेना ने कहा- दिवाली को दिवाली ही रहने दें

शिवसेना नेता आनंद दुबे ने भी खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिवाली भगवान राम के वनवास से अयोध्या लौटने का प्रतीक है। इस अवसर पर अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था।

उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और त्योहारों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन दिवाली को दिवाली और ईद को ईद ही रहने देना चाहिए। दोनों त्योहारों का अपना अलग महत्व है।

राशिद अल्वी और पवन खेड़ा ने किया खरगे का बचाव

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने खरगे का बचाव करते हुए कहा कि खुशी जाहिर करने के लिए अक्सर ईद का उदाहरण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति लंबे समय बाद दिखाई देता है तो लोग कहते हैं कि क्या तुम ईद का चांद हो गए हो। उनके मुताबिक, ईद खुशी का प्रतीक है।

अल्वी ने यह भी कहा कि खरगे की टिप्पणी धर्मनिरपेक्ष सोच और आपसी सद्भाव की भावना को दर्शाती है।

वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भाजपा की आलोचना पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘ईद’ शब्द का शाब्दिक अर्थ त्योहार होता है। उन्होंने कहा कि खरगे के बयान को लेकर विवाद खड़ा करने वाले लोग शब्द के अर्थ को समझने में चूक कर रहे हैं।

खरगे की इस टिप्पणी के बाद भाजपा, कांग्रेस, एआईएमआईएम और शिवसेना नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। दिवाली की शुभकामनाओं से शुरू हुआ यह मामला अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments