HomeBreaking Newsजेपी की संपूर्ण क्रांति के तर्ज पर संपूर्ण रोजगार की योजना शुरू...

जेपी की संपूर्ण क्रांति के तर्ज पर संपूर्ण रोजगार की योजना शुरू की जाए : यशवंत सिन्हा

-पूर्व वित्त सह विदेश मंत्री ने जेपी की फरारी को किया याद, सेंट्रल जेल पहुंच प्रतिमा पर दी श्रद्धांजलि
-आठ-नौ नवंबर 1942 की मध्यरात्रि हजारीबाग सेंट्रल जेल से फरार हुए थे लोकनायक
उस रात भी थी दिवाली, 84 वर्षों के बाद आज फिर आयी वही दिवाली की रात और तारीख
-जेल अधीक्षक ने चरखा और प्रो. प्रमोद सिंह ने जयप्रकाश नारायण की जीवनी से संबंधित भेंट की पुस्तक
-अजय निराला/उज्जवल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार हजारीबाग के प्रांगण में स्थापित स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानी और संपूर्ण क्रांति के प्रणेता जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर हजारीबाग के पूर्व सांसद सह पूर्व वित्त एवं विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा अपनी धर्मपत्नी नीलिमा सिन्हा तथा पुत्रवधू वैशाली सिन्हा के साथ माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित हजारीबाग के विशिष्ट जनों को संबोधित करते हुए कहा कि 8 नवंबर 1942 को जयप्रकाश नारायण ने आजादी की क्रांति की मिसाल को जलाने के लिए 17 फीट ऊंची दीवार को अपने पांच साथियों रामानंद मिश्रा, शालीग्राम सिंह, सूरज नारायण सिंह, योगेंद्र शुक्ला और गुलाब चंद गुप्त के साथ फांद कर फरार हो गए थे। उनकी आजादी की दीवानगी के सामने अंग्रेजों की जेल की दीवार भी बौनी पड़ गई थी। यह विशेष संयोग 84 साल पूर्व आज ही के दिन जब देशभर में दीपावली का त्योहार मनाया जा रहा था, तब मध्य रात्रि जयप्रकाश नारायण जेल के दीवार फंदकर फरार हो गए। अपने संबोधन में श्री सिन्हा ने कहा कि जयप्रकाश नारायण भारत के युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उनके एक आह्वान पर देश भर के युवा सड़कों पर उतरकर सत्ता की व्यवस्था परिवर्तन के लिए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर मर मिटने को तैयार थे। आज के युवा जेपी के विचारों से प्रेरणा लें। यह एक विचित्र संयोग है कि जो लोग जेपी के आंदोलन में जुड़े थे, आज उन्हीं के खिलाफ आज के युवा सड़कों पर हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज की युवाओं की समस्या आर्थिक असंतोष है। इसलिए उनकी इस समस्या के समाधान के लिए युवाओं के रोजगार की व्यवस्था की जाए। जेपी की संपूर्ण क्रांति के तर्ज पर संपूर्ण रोजगार की योजना शुरू की जाए। इस अवसर पर जेल अधीक्षक सीपी सुमन ने यशवंत सिन्हा का स्वागत करते हुए जेल की ओर से एक चरखा भेंट किया। साथ ही प्रोफेसर प्रमोद कुमार ने जयप्रकाश नारायण की जीवनी से संबंधित एक पुस्तक भेंट की। इस अवसर पर मुख्य रूप से जन जागृति केंद्र के संस्थापक सह प्रसिद्ध समाजसेवी सतीश गिरजा, गिरजा सतीश, प्रियम्बदा, डाॅ प्रमोद कुमार, दीपक नाथ सहाय, कृष्ण कुमार सिन्हा, अनुपम सिन्हा, आशीष सिंह, राजेश कुमार टिंकू एवं हिमांशु कुमार उपस्थित हुए। वहीं पूर्व वित्त सह विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा को सभी ने जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दीं। यह सिलसिला तीन दिनों से जारी है। दरअसल छह नवंबर को उनका 90वां जन्मदिन था। लोगों ने उनके स्वस्थ रहने और लंबी उम्र की कामना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments