HomeBreaking Newsदनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा...

दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहे परिवार के सात लोगों की मौत

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में जीटी रोड स्थित दनुआ घाटी में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसा चौपारण थाना क्षेत्र के महानेटांड कट के समीप हुआ। सभी लोग गिरिडीह जिले के बगोदर क्षेत्र से एक बुजुर्ग का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी (बनारस) जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सवारी वाहन में करीब 19 लोग सवार थे। वाहन के ऊपर बुजुर्ग का शव रखा हुआ था। दनुआ घाटी के महानेटांड कट के पास शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई। इसके बाद वाहन को रोककर कुछ लोग रस्सी ठीक करने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सवारी वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवारी गाड़ी पलट गई और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। दुर्घटना में 12 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग और रांची के अस्पतालों में भेजा गया।

हादसे के बाद कोयला लदा ट्रक भी पलटा

दुर्घटना के बाद पीछे से आ रहा कोयला लदा एक अन्य ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जाता है कि गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के बिहारो, सलैया और आसपास के गांवों के लोग बुजुर्ग के शव का अंतिम संस्कार करने वाराणसी जा रहे थे। परिवार पहले ही बुजुर्ग की मौत से दुखी था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दनुआ घाटी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर जीटी रोड पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments