HomeBreaking Newsझारखंड के थानों में सीसीटीवी टेंडर का तकनीकी मूल्यांकन पूरा, वित्तीय प्रक्रिया...

झारखंड के थानों में सीसीटीवी टेंडर का तकनीकी मूल्यांकन पूरा, वित्तीय प्रक्रिया के लिए तीन सप्ताह की मोहलत

रांची। झारखंड के सभी पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की टेंडर प्रक्रिया में तकनीकी मूल्यांकन पूरा हो गया है। अब वित्तीय मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही है। राज्य सरकार ने सोमवार को झारखंड हाई कोर्ट में इसकी जानकारी देते हुए वित्तीय मूल्यांकन पूरा करने के लिए तीन सप्ताह का समय मांगा।

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने सरकार की मांग पर मामले की अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद निर्धारित की है। अदालत ने राज्य सरकार को टेंडर प्रक्रिया की प्रगति रिपोर्ट भी पेश करने का निर्देश दिया है।

तरुण महतो की हिरासत में पिटाई मामले में रिपोर्ट पेश

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से तरुण महतो की पुलिस हिरासत में कथित पिटाई के मामले में जेल अधीक्षक की रिपोर्ट शपथ पत्र के माध्यम से अदालत में प्रस्तुत की गई।

इससे पहले हुई सुनवाई में हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जारी टेंडर की तकनीकी बोली (टेक्निकल बिड) 20 नवंबर तक अंतिम रूप देने का निर्देश दिया था।

पुलिस हिरासत में थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप

गौरतलब है कि तरुण महतो वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की ओर से ईचागढ़ विधानसभा सीट के प्रत्याशी थे। आरोप है कि 19 नवंबर 2025 की रात ईचागढ़ पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले गई थी, जहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया।

इस घटना के बाद तरुण महतो की पत्नी ने झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर पुलिस हिरासत में पिटाई की शिकायत की थी। पत्र पर संज्ञान लेते हुए हाई कोर्ट ने मामले की सुनवाई शुरू की थी।

इससे पहले अदालत ने मामले से संबंधित दस्तावेजों के साथ सरायकेला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भी तलब किया था। अब मामले की अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments