HomeBreaking Newsगुमला में अनोखा प्रेम प्रसंग, जीजा ने अपनी ही साली के साथ...

गुमला में अनोखा प्रेम प्रसंग, जीजा ने अपनी ही साली के साथ रचाई शादी तो थाने तक पहुंचा हाई-वोल्टेज ड्रामा

गुमला: गुमला जिला मुख्यालय स्थित निबंधन कार्यालय के आसपास शुक्रवार को एक अनोखा पारिवारिक विवाद चर्चा का विषय बना रहा। सदर थाना क्षेत्र के गौस नगर निवासी एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की बहन यानी साली से शादी करने का मामला सामने आया है। साली ने दावा किया है कि उसने अपने जीजा के साथ कोर्ट मैरिज की है और उसने उसकी मांग में सिंदूर भी भरा है। मामला सामने आने के बाद परिवार में विवाद बढ़ गया और बात थाने तक पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि जीजा और साली के बीच कथित संबंध की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को पहले नहीं थी। शुक्रवार को जब पत्नी को इसकी जानकारी मिली तो घर में विवाद शुरू हो गया। पत्नी ने अपनी बहन को घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद साली थाने पहुंची और खुद को अपने जीजा की पत्नी बताते हुए न्याय की गुहार लगाई। वहीं, जीजा की ओर से कथित तौर पर शादी की बात स्वीकार किए जाने का एक ऑडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।

मामला थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने पति, पत्नी और साली को बुलाकर पूरे घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पति ने कथित तौर पर दोनों महिलाओं को पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए दोनों को साथ रखने की बात कही। हालांकि, पत्नी ने इसका विरोध किया और अपने वैवाहिक रिश्ते को बचाने की इच्छा जताई।

विवाद को शांत कराने के लिए पुलिस और अन्य लोगों की ओर से तीनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान पति की ओर से पत्नी को अपने घर में और साली को अलग किराये के मकान में रखने का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई। हालांकि, साली इस प्रस्ताव के लिए तैयार नहीं हुई। उसका कहना था कि उसने अपने जीजा के साथ कोर्ट मैरिज की है और जीजा ने उसकी मांग में सिंदूर भरा है। ऐसे में वह अपने कथित पति के साथ उसी के घर में रहना चाहती है।

दूसरी ओर, पत्नी अपने पति से अलग होने के पक्ष में नहीं है। वह अपने वैवाहिक रिश्ते को बनाए रखना चाहती है। थाने में काफी देर तक तीनों पक्षों के बीच समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा, लेकिन विवाद का कोई समाधान नहीं निकल सका। आखिरकार बिना किसी निष्कर्ष के पति, पत्नी और साली अपने-अपने पक्ष पर कायम रहते हुए वहां से चले गए।

फिलहाल जीजा-साली से जुड़े इस विवाद की चर्चा गुमला शहर में हो रही है। हालांकि, शादी और अन्य दावों की वास्तविक कानूनी स्थिति क्या है, यह पुलिस की जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में आगे की कार्रवाई भी जांच के बाद तय होने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments