HomeBreaking Newsन्यू बिरसा प्रोजेक्ट उरीमारी में आउटसोर्सिंग कंपनी के कैंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग,...

न्यू बिरसा प्रोजेक्ट उरीमारी में आउटसोर्सिंग कंपनी के कैंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग, राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी

-टेंडर प्रक्रिया पूरी करने वालों को ही काम मिले, अन्यथा अंजाम भुगतने की दी धमकी
-गोलीबारी की इस घटना से कोयलांचल और कामगारों में दहशत, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
-उज्जवल दुनिया संवाददाता
​उरीमारी। बरका-सयाल क्षेत्र के उरीमारी परियोजना अंतर्गत न्यू बिरसा प्रोजेक्ट में कोयला उत्खनन कार्य में लगी आउटसोर्सिंग सैनिक कंपनी के कैंप पर बीती रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इस घटना के बाद से कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई है और मजदूरों में भारी दहशत का माहौल है।

घटना स्थल से पुलिस ने बरामद किया सात खोखे
फायरिंग की घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सात खोखे बरामद किये हैं। बताया गया कि अपराधियों ने कई चक्र गोलियां चलाकर दहशत फैलाने का काम किया है। इस घटना में एक सुरक्षा गार्ड को भी गोली लगने की बात सामने आ रही है। जिसे रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

​सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के प्रकाश शुक्ला ने ली जिम्मेदारी
​गोलीबारी की इस घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के गुर्गे प्रकाश शुक्ला के नाम से एक पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें इस घटना की जिम्मेदारी ली गई है। वायरल पोस्ट में कहा गया है कि न्यू बिरसा साइडिंग में चल रहे अवैध कार्यों और स्थानीय स्तर पर टेंडर प्राप्त वैध बाहरी कंपनियों को काम नहीं करने देने के विरोध में यह कदम उठाया गया है। पोस्ट में सोनाराम मांझी और संजय करमाली का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि उनके इशारे पर कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुँचाने के लिए बाहरी कंपनियों को रोका जा रहा है, जबकि ये कंपनियाँ सरकार को टैक्स चुकाने और सभी कानूनी प्रक्रियाओं व ऑक्शन के तहत काम हासिल करती हैं।

​गैंग की चेतावनी: या तो सबको काम मिले या ऑक्शन बंद हो
​सोशल मीडिया के माध्यम से दी गई चेतावनी में राज्य सरकार और सीसीएल प्रबंधन से यह अपील की गई है कि वे इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जाँच कराएं। चेतावनी में यह भी कहा गया है कि यदि नीलामी के नियमों के बावजूद वैध रूप से काम करने वाली कंपनियों को स्थानीय स्तर पर बाधा पहुँचाई जाती है, तो सरकार को खुले तौर पर ऑक्शन बंद कर सीधे चुनिंदा व्यक्तियों को ही काम सौंप देना चाहिए।

​मजदूरों में खौफ, पुलिस ने दी कड़ी सुरक्षा का भरोसा
​इस सनसनीखेज वारदात और अपराधी गिरोह की खुली धमकी के बाद सैनिक कंपनी के मजदूरों में भय का माहौल है। हालांकि, स्थानीय पुलिस मामले को लेकर पूरी तरह सतर्क और गंभीर नजर आ रही है। पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि अपराधियों की इस तरह की कायराना धमकियों और हरकतों से विकास या औद्योगिक कार्य बाधित नहीं होने दिए जाएंगे। कंपनी और कामगारों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं तथा अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments