28 और 29 अक्टूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, 30 अक्टूबर को येलो अलर्ट; रांची समेत कई जिलों में बदलेगा मौसम
रांची। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब का असर झारखंड के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि 30 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाये रहे। दोपहर बाद राजधानी के आसमान में घने काले बादल दिखाई दिये। मौसम में आये इस बदलाव के बाद अगले तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम प्रभावित रहने की संभावना जतायी गयी है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान लगभग 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। सोमवार को यह विशाखापत्तनम के दक्षिण-पूर्व, काकीनाडा के पूर्व-दक्षिणपूर्व, गोपालपुर के दक्षिण, मछलीपट्टनम और बापटला के पूर्व तथा अंडमान द्वीपसमूह के श्रीविजयपुरम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में स्थित था।
28 अक्टूबर की सुबह तट से टकराने की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान के पहले पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और इसके बाद उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ने की संभावना है। यह 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को बापटला तथा विशाखापत्तनम के बीच, यानम के निकट पार कर सकता है। तट से टकराते समय तूफान की तीव्रता काफी अधिक रहने का अनुमान है। इस दौरान 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड में भी मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ गयी है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 30 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा और बारिश की संभावना है।
रांची में दिनभर छाये रहे बादल, दोपहर बाद बदला आसमान
सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाये रहे। दिन चढ़ने के साथ आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी रही और दोपहर बाद घने काले बादल दिखायी दिये। चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव के बीच मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर रखी जा रही है। अगले तीन दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
डाल्टनगंज सबसे गर्म, लातेहार में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह बोकारो में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि चाइबासा में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में मौसम प्रभावित रहने की संभावना है।

