HomeBreaking Newsधनबाद में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश,  शादी के नाम पर राजस्थान...

धनबाद में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश,  शादी के नाम पर राजस्थान के परिवार से ठगी-लूट

धनबाद: झारखंड के धनबाद में शादी के नाम पर ठगी और लूट करने वाले एक कथित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह दूसरे राज्यों के शादी के इच्छुक परिवारों को लड़की दिखाने के बहाने धनबाद बुलाता था और फिर शादी की रस्म पूरी कराने के बाद उन्हें लूट का शिकार बनाता था।

पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के रहने वाले रमेश नट ने 7 सितंबर की देर शाम बरवाअड्डा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 3 सितंबर को सपना नाम की महिला ने फोन कर शादी के लिए लड़की उपलब्ध होने की बात कही थी। इसके बाद व्हाट्सऐप पर दो युवतियों की तस्वीरें भेजी गईं।

पहले खरीदारी, फिर शादी की रस्म और उसके बाद मारपीट

लड़की पसंद आने के बाद रमेश नट अपने भाई, भतीजे इकबाल और भाभी के साथ राजस्थान से धनबाद पहुंचे। आरोप है कि यहां सपना और उसके साथियों ने परिवार से शादी के लिए कपड़े, गहने और अन्य सामान की खरीदारी कराई।

इसके बाद सभी को एक गांव ले जाया गया, जहां युवती की मांग में सिंदूर डलवाकर शादी की रस्म पूरी कराई गई। आरोप है कि शादी के बाद परिवार को खाना खाने के लिए घर चलने को कहा गया। वहां जाने से इनकार करने पर विवाद शुरू हो गया और गिरोह के सदस्यों ने कथित तौर पर पीड़ितों के साथ मारपीट की। उनके मोबाइल और जेवरात छीन लिए गए और बाद में उन्हें वहां से भगा दिया गया।

CCTV और मोबाइल लोकेशन से खुला राज, 10 आरोपी गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद बरवाअड्डा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, कॉल डंप और लोकेशन समेत तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। मिले सुरागों के आधार पर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, गहने और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार लोगों की पहचान अजय दास, राजेश कुमार, मंतोष साव, सुमन विश्वकर्मा, चंदन शर्मा, नीलम देवी, पूजा कुमारी, मकरी देवी, विशु यादव और राजेंद्र साव के रूप में हुई है।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह ने पहले भी कितने लोगों को इसी तरीके से निशाना बनाया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस पूरे मामले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments