-कल्याण विभाग की सहायता राशि के नाम पर लिए गए ब्लैंक चेक से रकम निकालने का दावा, पुलिस ने शुरू की जांच
-ललन कुमार/उज्जवल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधपनिया गांव में सरकारी सहायता राशि के नाम पर कथित तौर पर तीन लाख रुपये की निकासी का मामला सामने आया है। गांव की मीरा देवी ने बरही थाना में लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, मीरा देवी के पुत्र प्रदीप कुमार दास की 19 अप्रैल 2021 को मृत्यु हो गई थी। इसके बाद गांव के राहुल अंबेडकर उर्फ रूमू कुमार दास, लक्षण राय उर्फ लक्षण कुमार दास, कन्हैया रविदास, सुनील रविदास और भगवत राम ने कल्याण विभाग से सहायता राशि दिलाने की बात कही। आरोप है कि बैंक में चेक जमा करने की आवश्यकता बताकर मीरा देवी और उनके पति से करीब पांच ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करा लिए गए। बाद में उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग चेक के माध्यम से कुल तीन लाख रुपये की निकासी कर ली गई। शिकायत में उल्लेख है कि चेक संख्या 71152 से कन्हैया कुमार के जरिए एक लाख, 71153 से भगवत राम के जरिए एक लाख तथा 71157 से सुनील रविदास के जरिए एक लाख रुपये निकाले गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, बैंक पासबुक प्रिंट कराने के दौरान उन्हें खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। पूछताछ करने पर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।बरही पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बैंक लेनदेन, चेक और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
धोखाधड़ी से तीन लाख रुपये की निकासी का आरोप, बरही थाने में मामला दर्ज
RELATED ARTICLES


