HomeBreaking Newsअसम में भीषण सड़क हादसा: मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने...

असम में भीषण सड़क हादसा: मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 24 लोगों की मौत, कई घायल

असम। असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। हादसा गोलाघाट जिले के रोंगाजान इलाके में नेशनल हाईवे-715 पर हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक मिनी बस की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री वाहन के अंदर ही फंस गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिनी बस बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

मृतकों में कई कॉलेज छात्र भी शामिल

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में कई कॉलेज के छात्र शामिल हैं, जो कक्षाएं समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल बताई गई हैं। हादसे में घायल 20 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।

तेज रफ्तार को हादसे की वजह मान रही पुलिस

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मिनी बस तेज रफ्तार में थी। काजीरंगा नेशनल पार्क के आसपास निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

जिला प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच कराने की बात कही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री तो नहीं सवार थे और कहीं यातायात नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments