एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच, अपराधियों ने मौके पर छोड़ा पर्चा; विधायक मनोज यादव ने भी लिया जायजा
राकेश रोशन/उज्ज्वल दुनिया संवाददाता
बरही। हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम अपराधियों ने एक होटल के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल एके इंटरनेशनल के बाहर शाम करीब 6:30 बजे अज्ञात अपराधियों ने पांच राउंड गोलियां चलाईं। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके पर एक पर्चा छोड़कर फरार हो गए।
फायरिंग की सूचना मिलते ही बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू की।
मौके पर मिला पर्चा, जिम्मेदारी लेने का दावा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर मिले पर्चे में एक अपराधी का नाम दर्ज है और घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, पर्चे में लिखी बातों और दावे की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है।
कई थानों की पुलिस जांच में जुटी
बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि होटल के बाहर फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना की जानकारी मिलने पर बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और गोरहर थाना प्रभारी रवि कुमार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सभी अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।
विधायक मनोज यादव ने लिया घटनास्थल का जायजा
बरही विधायक मनोज यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का उद्भेदन कर फायरिंग में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने को कहा।
शहर के बीच होटल के बाहर हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और कारोबारियों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल पर मिले पर्चे के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।


