HomeBreaking Newsरांची में बनेगा अत्याधुनिक IT पार्क! 2029 तक शुरू होगा अत्याधुनिक IT...

रांची में बनेगा अत्याधुनिक IT पार्क! 2029 तक शुरू होगा अत्याधुनिक IT पार्क, सृजित होंगे 75 हजार रोजगार

रांची: झारखंड को देश के प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी और इनोवेशन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से RMZ Infrastructure के प्रेसिडेंट दीपक छाबड़िया ने उनके कांके रोड स्थित सरकारी आवास पर मुलाकात की。 इस महत्वपूर्ण बैठक में रांची में अत्याधुनिक IT Park विकसित करने, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) स्थापित करने और नई तकनीकों में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश आकर्षित करने की कार्ययोजना पर विस्तृत मंथन हुआ।

2029 तक क्रियाशील होगा IT पार्क, 20 हजार को पहले चरण में नौकरी

प्रस्तावित योजना के तहत वर्ष 2029 तक रांची में आधुनिक IT पार्क को क्रियाशील करने की तैयारी है। इसके प्रथम चरण में लगभग 20,000 तकनीकी रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। जबकि अगले तीन वर्षों में क्षमता विस्तार करते हुए कुल 75,000 उच्च-कौशल आधारित नौकरियों का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। इससे राज्य के इंजीनियरिंग व तकनीकी युवाओं को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय अवसर मिलेंगे और प्रतिभा पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी।

IIM, हाईकोर्ट और विधानसभा के पास बनेगा हाई-टेक कॉरिडोर

इस महत्वाकांक्षी IT पार्क के लिए रांची के सबसे प्रमुख प्रशासनिक व शैक्षणिक कॉरिडोर को चुना गया है। IIM रांची, नए विधानसभा परिसर और झारखंड उच्च न्यायालय के निकट उपलब्ध लगभग 100 एकड़ भूमि को संभावित स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। इस परिसर में आधुनिक कार्यालय, मजबूत डिजिटल कनेक्टिविटी और बहुराष्ट्रीय तकनीकी कंपनियों के अनुकूल वैश्विक सुविधाएं तैयार की जाएंगी। इससे रांची न केवल राज्य बल्कि पूरे पूर्वी भारत का नया टेक हब बनकर उभरेगा।

AI और सेमीकंडक्टर में भी बड़े निवेश की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, इस परियोजना के तहत झारखंड में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर जैसे हाईटेक सेक्टर्स में भी बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने की योजना है। इससे राज्य में लगभग 95 हजार रोजगार सृजित होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उद्योगों के साथ मिलकर रांची को आईटी-इनोवेशन हब बनाया जाएगा।

डिजिटल झारखंड विजन 2029 पर सरकार का फोकस

यह पहल झारखंड सरकार के ‘डिजिटल झारखंड विजन-2029’ का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य में 5G कनेक्टिविटी, डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म और आईटी पार्कों का नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। पहले भी राज्य सरकार ने दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान टेक महिंद्रा कई बड़ी कंपनियों से AI और डेटा सेंटर निवेश को लेकर चर्चा की थी।

क्यों अहम है यह परियोजना?

झारखंड लंबे समय से खनिज संपदा के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन अब राज्य सरकार औद्योगिक विविधीकरण की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। रांची में बनने वाला यह IT पार्क न केवल स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा जरिया बनेगा, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाई देगा। यह परियोजना झारखंड को ‘टैलेंट एक्सपोर्टर’ से ‘टैलेंट इम्प्लॉयर’ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित हो सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments