HomeLatest Newsगिरिडीह में चोरों का तांडव: एक ही रात में तीन घरों को...

गिरिडीह में चोरों का तांडव: एक ही रात में तीन घरों को बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति चोरी

गिरिडीह। जमुआ थाना क्षेत्र के चित्तरडीह गांव में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर नगदी, जेवर, बर्तन, साड़ी समेत करीब दो लाख रुपये के सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई करते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

बच्चों की शादी के लिए जुटाकर रखा था सामान

पीड़ित परिवारों का कहना है कि मजदूरी कर वर्षों की मेहनत से उन्होंने धीरे-धीरे सामान और जेवर जुटाए थे। इन्हें बच्चों की शादी-विवाह के लिए सुरक्षित रखा गया था। चोरी की घटना के बाद परिवारों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भविष्य की तैयारियों को लेकर भी चिंता सताने लगी है।

चोरी की बढ़ती घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी

ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में पिछले करीब दो वर्षों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हालांकि पिछले छह महीने से इलाके में चोरी की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई थी, लेकिन एक ही रात में तीन घरों में चोरी से लोगों की चिंता फिर बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में हुई चोरी की कई घटनाओं में अब तक कोई बड़ी गिरफ्तारी या ठोस खुलासा नहीं हुआ है।

जुआरियों के जमावड़े को लेकर भी चर्चा

ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि इलाके में जुआरियों का जमावड़ा बढ़ने के साथ चोरी की घटनाओं में भी इजाफा होता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों ने पुलिस-प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments