लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने और बातचीत के बीच पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करने से कांग्रेस में नाराजगी बढ़ गई है। कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति के अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस कोई भिखारी नहीं है, जो इस तरह सीटों का बंटवारा स्वीकार कर लेगी।
26 सीटों के प्रस्ताव पर कांग्रेस नाराज
दरअसल, उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। कांग्रेस ने पहले करीब 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। बाद में पार्टी ने अपनी मांग घटाकर लगभग 130-131 सीटों तक सीमित कर दी। वहीं, सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का शुरुआती प्रस्ताव दिया गया है। इस प्रस्ताव को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है।
इमरान मसूद ने सपा के रवैये पर उठाए सवाल
इमरान मसूद ने कहा कि एक तरफ गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है और दूसरी तरफ उम्मीदवारों की घोषणा की जा रही है। इससे साफ होता है कि सपा बातचीत को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सभी सहयोगी दलों का सम्मान होना चाहिए। सीटों का समझौता आपसी सहमति और सम्मान के आधार पर होना चाहिए, न कि किसी एक दल की शर्तों पर।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेतृत्व से चर्चा के बाद ही तय होगा कि सपा के साथ सीट बंटवारे की बातचीत आगे जारी रखी जाए या नहीं।
सपा ने पांच सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार
सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच सपा ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इनमें सहारनपुर से आशु मलिक, बेहट से उमर अली खान, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोढ़ी शामिल हैं।
इनमें सहारनपुर और बेहट सीट को लेकर कांग्रेस की विशेष रुचि थी। सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद इन सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी चाहते थे। ऐसे में सपा की घोषणा ने दोनों दलों के बीच नाराजगी और बढ़ा दी है।
रफत फातिमा ने भी किया चुनाव लड़ने का ऐलान
इस विवाद के बीच कांग्रेस नेता रफत फातिमा ने भी लखनऊ उत्तर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि सपा की ओर से गठबंधन की बातचीत के दौरान पांच उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने के बाद उन्होंने लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र संख्या-172 से चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
रफत फातिमा ने कहा कि पार्टी अनुशासन का मतलब पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व के अपमान पर चुप रहना नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान का जिक्र करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर वह AICC की सदस्यता से इस्तीफा देने से भी पीछे नहीं हटेंगी।
अखिलेश यादव ने गठबंधन बचाने की कोशिश की
विवाद के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्होंने कहा है कि सीटों की संख्या से ज्यादा जरूरी जीतने की संभावना और मजबूत उम्मीदवारों का चयन है। दोनों दलों को आपसी सहमति से सीटों और उम्मीदवारों पर फैसला करना चाहिए।
वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने भी विवाद को ज्यादा तूल नहीं देने की बात कही। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन बना रहेगा और सभी मुद्दों का समाधान निकाल लिया जाएगा।
गठबंधन की एकजुटता पर उठने लगे सवाल
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच बढ़ती तल्खी ने विपक्षी INDIA गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ दोनों दल बीजेपी को चुनौती देने के लिए साथ आने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर उनके बीच सहमति नहीं बन पा रही है।
अब सबकी नजर कांग्रेस हाईकमान के फैसले और अखिलेश यादव के अगले कदम पर है। यह देखना अहम होगा कि दोनों दल आपसी मतभेद दूर कर गठबंधन को आगे बढ़ाते हैं या सीट बंटवारे का विवाद और गहराता है।

