श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के शेषनाग झील के पास सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य को लेकर उठे विवाद के बीच वन, पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी मंत्री अल्ताफ अहमद वानी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शेषनाग झील पूरी तरह सुरक्षित है और वहां चल रहे निर्माण कार्य से झील या उसके पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मंत्री ने आरोप लगाया कि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रही है और भारतीय जनता पार्टी (BJP) को राजनीतिक फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
झील से 200 से 300 फीट दूर हो रहा काम
वन मंत्री ने बुधवार को पहलगाम में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि विभागीय अधिकारियों की टीम ने शेषनाग झील का निरीक्षण किया है। निरीक्षण में झील को किसी तरह का नुकसान पहुंचने के प्रमाण नहीं मिले हैं। उन्होंने दावा किया कि निर्माण स्थल और झील के बीच करीब 200 से 300 फीट की दूरी है। निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी का एक कण भी झील में नहीं गया है।
उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वन सुरक्षा बल, वन्यजीव और क्षेत्रीय विभाग के कर्मी शामिल थे। टीम ने मौके का निरीक्षण कर तस्वीरें और वीडियो भी जुटाए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हो रहा ट्रैक का रखरखाव
अल्ताफ वानी ने कहा कि अमरनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैक का रखरखाव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में अमरनाथ यात्रा के दौरान हुई भगदड़ के बाद दायर जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने 12 फीट चौड़े ट्रैक को बनाए रखने का निर्देश दिया था।
इसी के तहत सीमा सड़क संगठन (BRO) की ओर से हर साल अमरनाथ यात्रा से पहले और बाद में ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव का काम किया जाता है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि काम निर्धारित दायरे में ही होना चाहिए और विभाग इसकी निगरानी कर रहा है।
PDP पर लगाया मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप
वन मंत्री ने शेषनाग झील विवाद को लेकर PDP पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल इस मुद्दे को बेवजह तूल दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि PDP आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर BJP के लिए राजनीतिक माहौल बनाने में मदद कर रही है।
उन्होंने कहा कि शेषनाग झील हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदायों के लिए आस्था का केंद्र है। इसकी पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उमर अब्दुल्ला ने भी मांगी रिपोर्ट
इस बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी शेषनाग झील के पास चल रहे कार्यों को लेकर संज्ञान लिया है। उन्होंने वन मंत्री से रिपोर्ट मांगी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि निर्माण कार्य में कहीं निर्धारित नियमों या स्वीकृत योजना से हटकर काम तो नहीं किया जा रहा है।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद शेषनाग झील के आसपास भारी मशीनों से हो रहे काम को लेकर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों और राजनीतिक दलों ने सवाल उठाए थे। PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी झील तक जाने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें चंदनवाड़ी में ही रोक दिया था।
फिलहाल शेषनाग झील के आसपास चल रहे कार्यों को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। वहीं, पर्यावरण संरक्षण को लेकर स्वतंत्र और वैज्ञानिक जांच की मांग भी उठ रही है।

