पटना/नई दिल्ली: छठ महापर्व और बिहार की महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन और यूट्यूबर यश माहेश्वरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोशल मीडिया पर उनके कॉमेडी वीडियो का एक हिस्सा वायरल होने के बाद बिहार में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। मामले में पटना साइबर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, दिल्ली में भी बीजेपी और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेताओं ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो में सिंदूर की परंपरा पर की टिप्पणी
दरअसल, यश माहेश्वरी ने 21 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर ‘Morally Questionable | Standup Comedy’ शीर्षक से एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो में उन्होंने छठ के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं द्वारा लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी की।
वीडियो का अंश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई। कई लोगों ने इसे बिहार की महिलाओं के सम्मान, छठ महापर्व की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान बताया।
पटना साइबर थाने में दर्ज हुई FIR
विवाद बढ़ने के बाद पटना साइबर पुलिस ने 24 नवंबर को यश माहेश्वरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के अनुसार, यह मामला कांड संख्या 1550/26 के तहत दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1), 79, 351 और 352 तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D लगाई गई हैं।
पटना पुलिस ने कहा कि बिहार की महिलाओं के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा होने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
माफी मांगने के बाद भी नहीं थम रहा विवाद
विवाद बढ़ने के बाद यश माहेश्वरी ने 24 नवंबर को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने अपनी गलती की जिम्मेदारी लेते हुए भविष्य में कंटेंट बनाते समय सावधानी बरतने की बात कही।
हालांकि, उनकी माफी के बावजूद राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से कार्रवाई की मांग जारी है।
दिल्ली में भी FIR दर्ज करने की मांग
इस मामले को लेकर दिल्ली बीजेपी के पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा ने बुधवार को सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉमेडियन ने छठ व्रत करने वाली महिलाओं और श्रद्धालुओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की है। बीजेपी नेताओं ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग की है। पार्टी की युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी प्रणब कुमार ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली की पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में इस पर्व और इससे जुड़ी परंपराओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
बिहार में भी नेताओं ने जताई नाराजगी
बिहार बीजेपी की नेता ऋतु जायसवाल ने भी कॉमेडियन के खिलाफ राज्य के सभी जिलों में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने बिहार और दिल्ली पुलिस से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर कानून के तहत सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने भी कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर मर्यादा की सीमाएं पार नहीं की जा सकतीं। केवल माफी मांग लेने से ऐसे मामलों की जवाबदेही खत्म नहीं हो जाती।
फिलहाल पटना साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, दिल्ली में भी शिकायतों के बाद कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

