HomeLatest Newsएनएच पर पुल निर्माण में जुटे मजदूरों पर फायरिंग, दो गंभीर घायल;...

एनएच पर पुल निर्माण में जुटे मजदूरों पर फायरिंग, दो गंभीर घायल; बाइक सवार अपराधी फरार

पलामू। सतबरवा थाना क्षेत्र के राजडेरवा में नेशनल हाईवे पर पुल निर्माण स्थल पर गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने दो मजदूरों को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। घायल मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया।

मुख्य बिंदु :

  • राजडेरवा में एनएच पर पुल निर्माण स्थल पर हुई फायरिंग
  • दो मजदूरों को गोली लगी, दोनों की हालत गंभीर
  • बाइक सवार अपराधियों ने मजदूरों से मांगी थी माचिस
  • माचिस नहीं देने पर विवाद के बाद की फायरिंग
  • घटनास्थल से चार खोखे बरामद
  • पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की

घटना रात करीब 11 बजे की बतायी जा रही है। घायल मजदूरों के अनुसार, बाइक पर सवार कुछ अपराधी निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों के पास पहुंचे और उनसे माचिस मांगी। मजदूरों ने माचिस नहीं होने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बाइक सवार अपराधियों ने दोनों मजदूरों पर गोली चला दी।

गोली लगने से दोनों मजदूर मौके पर ही गिर पड़े। उनकी पहचान 26 वर्षीय अजय हांसदा और 20 वर्षीय संजय हांसदा के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के रहने वाले बताये गये हैं। घटना के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गये।

अन्य मजदूरों ने पहुंचाया अस्पताल

फायरिंग की आवाज सुनने के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। रात करीब एक बजे दोनों घायलों को इलाज के लिए एमएमसीएच लाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को रिम्स रेफर कर दिया।

फायरिंग की घटना के बाद एनएच पर पुल निर्माण कार्य में लगे मजदूरों में भय का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी समेत पुलिस के अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।

घटनास्थल से चार खोखे बरामद

पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान चार खोखे बरामद किये हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूरों को पैर और पेट में गोली लगी है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे राहुल दुबे गिरोह का हाथ होने की सूचना भी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सतबरवा क्षेत्र में एनएच-39 के फोरलेन निर्माण का काम चल रहा है। राजडेरवा में नेशनल हाईवे का फ्लाईओवर तैयार किया गया है और उसके ऊपर अस्थायी कैंप बनाकर मजदूर काम कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, देर रात बाइक से पहुंचे अपराधियों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गये।

पुलिस ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गयी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments