HomeNationalहरियाणा के नूंह में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़, दो की...

हरियाणा के नूंह में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़, दो की मौत और एक घायल, 7 गोवंश बरामद

नूंह (हरियाणा): हरियाणा के नूंह जिले में रविवार तड़के पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) की टीम ने गो-तस्करी की सूचना मिलने के बाद नाकाबंदी की थी।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:30 बजे फिरोजपुर झिरका CIA टीम को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गोवंश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने के लिए घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस का दावा है कि वाहन में सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए।

दो की मौत, एक का अस्पताल में चल रहा इलाज

मुठभेड़ में घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए नूंह स्थित शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान साबिर और गब्बर उर्फ हड़िया की मौत हो गई, जबकि तीसरे घायल ताहिर का इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में साबिर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र का रहने वाला था, जबकि गब्बर उर्फ हड़िया राजस्थान के दौसा जिले का निवासी बताया गया है। घायल ताहिर राजस्थान के डीग जिले के घाटमीका का रहने वाला है।

पिकअप से सात गोवंश और हथियार बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एक पिकअप वाहन बरामद किया है, जिसमें सात गोवंश लदे हुए थे। इसके अलावा मौके से .315 बोर के तीन देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने गोवंश को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

नूंह पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार, दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मुठभेड़ की परिस्थितियों और गोलीबारी की घटना की जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मजिस्ट्रेट जांच के बाद ही मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments