HomeBreaking News'मां, भिक्षा दीजिए...' संन्यासी बनने के तीन साल बाद मां से मिलने...

‘मां, भिक्षा दीजिए…’ संन्यासी बनने के तीन साल बाद मां से मिलने पहुंचे थे योगी, भावुक पाती में सुनाया जिंदगी का अनमोल किस्सा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के निधन के बाद उनके नाम एक भावुक पत्र लिखा है। ‘योगी की पाती’ के जरिए उन्होंने मां के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता को व्यक्त किया। इस पत्र में उन्होंने संन्यास ग्रहण करने के तीन साल से अधिक समय बाद भगवा वस्त्र पहनकर अपने घर पहुंचने और मां से भिक्षा मांगने का भावुक प्रसंग भी साझा किया।

संन्यास के तीन साल बाद मां के सामने पहुंचे थे योगी

योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि उनकी पूजनीय मां उनकी प्रथम गुरु थीं और उन्होंने ही उन्हें अक्षर ज्ञान दिया था। मां के अनंत यात्रा पर चले जाने के बाद उनके सामने वह पुराना दृश्य कौंध गया, जब संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से अधिक समय बाद वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे।

उन्होंने बताया कि संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के अनुसार उन्होंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर मां बाहर आईं, लेकिन भगवा वस्त्र में बेटे को देखकर उन्हें सहसा विश्वास नहीं हो रहा था।

‘बेटा, घर में क्या कमी थी जो भीख मांगने आ गए?’

मुख्यमंत्री ने पाती में उस बातचीत का जिक्र करते हुए लिखा कि मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही उन्होंने कहा- ‘मां, भिक्षा दीजिए।’

इस पर मां ने अपनी भावनाओं को संभालते हुए पूछा, ‘बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांगने आ गए?’

योगी आदित्यनाथ ने जवाब दिया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भिक्षा मां से ही मिलेगी। उन्होंने मां से कहा कि वह घर में रहने नहीं, बल्कि भिक्षा मांगने आए हैं। मां भिक्षा में जो अन्न देंगी, उसी से उनके संतोष की पूर्ति होगी। योगी ने लिखा कि मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।

‘मां केवल जननी नहीं, जगत-जननी है’

अपनी पाती की शुरुआत योगी आदित्यनाथ ने ‘मां’ शब्द से की। उन्होंने लिखा कि यह पत्र केवल उनकी मां के लिए नहीं, बल्कि प्रत्येक मां के नाम है, जिनके बिना जीवन और संसार की कल्पना संभव नहीं है।

उन्होंने मां को जगत-जननी बताते हुए लिखा कि मां वह है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन एक मां की जगह कोई नहीं ले सकता। मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है।

मुख्यमंत्री ने यह भी लिखा कि मां का न होना केवल किसी व्यक्ति के जीवन से चले जाने जैसा नहीं है, बल्कि भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की गहरी छांव के समाप्त हो जाने जैसा है।

निराश्रित माताओं की मदद करने की अपील

योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती के माध्यम से प्रदेशवासियों से भी भावुक अपील की है। उन्होंने लिखा कि मां के प्रति सच्चा सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को निभाने से प्रकट होता है।

उन्होंने लोगों से संकल्प लेने को कहा कि वे किसी निराश्रित मां का सहारा बनें, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझें और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करें।

91 वर्ष की उम्र में हुआ था मां सावित्री देवी का निधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास पर निधन हो गया था। हरिद्वार के चंडीघाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मां के अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री भावुक नजर आए थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments