श्रीनगर। केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के कामकाज की सराहना करते हुए इसे देश में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला वक्फ बोर्ड बताया। उन्होंने बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। रिजिजू ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बोर्ड की ओर से किए जा रहे कार्यों से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से बोर्ड को पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
बीबी हलीमा नर्सिंग कॉलेज में सुविधाओं का उद्घाटन
श्रीनगर के काठी दरवाजा स्थित बीबी हलीमा कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल टेक्नोलॉजी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिजिजू ने कॉलेज की आधारभूत सुविधाओं और प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने वहां विकसित कमरों और अन्य सुविधाओं की सराहना की। मंत्री ने कहा कि इस तरह की पहल से जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा को मजबूती मिलेगी।
हजरतबल दरगाह में तीन परियोजनाओं का लोकार्पण
अपने दौरे के दौरान रिजिजू ने हजरतबल दरगाह परिसर में वक्फ रिवाइवल फोटो म्यूजियम, महिलाओं के लिए नमाज हॉल और गेस्ट हाउस का भी उद्घाटन किया। इन सुविधाओं का उद्देश्य दरगाह आने वाले जायरीनों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. दरख्शां अंद्राबी भी मौजूद रहीं।
केंद्र से हरसंभव सहयोग का भरोसा
रिजिजू ने कहा कि वक्फ बोर्ड ने कई विकास कार्य किए हैं और स्वास्थ्य तथा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने बोर्ड के कामकाज और संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जताया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगी।

