HomeBreaking News18 लाख रुपये की उधारी बनी मिथिलेश की हत्या की वजह, रांची...

18 लाख रुपये की उधारी बनी मिथिलेश की हत्या की वजह, रांची पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार

रांची। राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में मिथिलेश कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह 18 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद सामने आया है। उधार की रकम वापस नहीं करने को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घर के पास सिर में मारी थी गोली

पुलिस के अनुसार, 18-19 नवंबर की देर रात अपराधियों ने इंद्रपुरी रोड नंबर-1 निवासी मिथिलेश कुमार (पिता जग नारायण महतो) को उनके घर के पास गोली मार दी थी। गोली उनके सिर में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

गिरफ्तार आरोपियों में ये छह शामिल

पुलिस ने छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  1. अभिषेक कुमार उर्फ लल्लू

  2. विवेक कुमार उर्फ छोटू

  3. आयुष कुमार सिंह

  4. नितिन गुप्ता

  5. राहुल कुमार

  6. रोहित सिंह उर्फ देवा

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।

11 मोबाइल, दो कार और स्कूटी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, एक काले रंग की फॉर्च्यूनर कार, एक सफेद हुंडई आई-20 कार और एक स्कूटी बरामद की है। इसके अलावा घटनास्थल से गोली का खोखा भी मिला है।

पुलिस का कहना है कि 18 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद के कारण हत्या की साजिश रची गई थी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले की आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments