रांची। चक्रवाती तूफान अकवान का असर झारखंड में हवाई यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण शनिवार, 21 नवंबर को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 14 उड़ानें रद्द कर दी गईं। अचानक बड़ी संख्या में फ्लाइट रद्द होने से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता समेत 10 शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक रांची-दिल्ली रूट की चार उड़ानें रद्द हुई हैं। वहीं, रांची-कोलकाता रूट की दो फ्लाइट भी कैंसिल कर दी गईं। इसके अलावा आठ अन्य शहरों के लिए एक-एक उड़ान रद्द की गई है।
दिल्ली और कोलकाता की सबसे ज्यादा उड़ानें रद्द
रांची एयरपोर्ट से रद्द की गई उड़ानों में दिल्ली जाने वाली चार फ्लाइट शामिल हैं। इनके फ्लाइट नंबर 2038, 2219, 2286 और 6274 हैं। वहीं, कोलकाता रूट की फ्लाइट संख्या 7466 और 7468 को भी रद्द कर दिया गया।
इसके अलावा हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे और बेंगलुरु जाने वाली एक-एक उड़ान भी रद्द रही।
इन 10 शहरों की उड़ानें हुईं प्रभावित
रांची एयरपोर्ट से रद्द की गई 14 उड़ानों का विवरण इस प्रकार है:
-
दिल्ली – 4 उड़ानें
-
कोलकाता – 2 उड़ानें
-
हैदराबाद – 1 उड़ान
-
पटना – 1 उड़ान
-
मुंबई – 1 उड़ान
-
भुवनेश्वर – 1 उड़ान
-
चेन्नई – 1 उड़ान
-
अहमदाबाद – 1 उड़ान
-
पुणे – 1 उड़ान
-
बेंगलुरु – 1 उड़ान
खराब मौसम से बिगड़ा हवाई यातायात
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से झारखंड में शुक्रवार से ही बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है। बारिश और कम दृश्यता के कारण विमान परिचालन प्रभावित हुआ है।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार के अनुसार, शनिवार दोपहर एक बजे तक एयरपोर्ट पर दृश्यता लगभग 1000 मीटर थी। जबकि विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ के लिए 1200 से 1500 मीटर तक दृश्यता आवश्यक होती है। इसी खराब मौसम के कारण 14 निर्धारित उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।

