HomeBreaking Newsझारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ कमजोर, बारिश और कोहरे से बढ़ी किसानों...

झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ कमजोर, बारिश और कोहरे से बढ़ी किसानों की चिंता

रांची। झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। हालांकि, इसके प्रभाव से राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश और सुबह के समय कोहरा छाया हुआ है। मौसम में आए इस बदलाव ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में धान और मड़ुवा की फसल पककर तैयार है। ऐसे में बारिश के कारण फसल की कटाई और उसे सुरक्षित रखने में मुश्किलें आ रही हैं।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 21 नवंबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश की संभावना जताई गई है। 22 नवंबर को भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है।

23 नवंबर से मौसम में बदलाव के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर को आसमान में आंशिक बादल रह सकते हैं, जबकि मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, 24 और 25 नवंबर को सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाने के बाद आसमान साफ हो सकता है।

22 नवंबर को रांची में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में अधिकतम 28 और न्यूनतम 18 डिग्री, धनबाद में 26 और 18 डिग्री तथा देवघर में 26 और 18 डिग्री तापमान रह सकता है।

पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में सबसे अधिक 53.2 मिमी बारिश पूर्वी सिंहभूम के गुराबांधा में दर्ज की गई। चक्रधरपुर में 52.2 मिमी, मझगांव में 47.2 मिमी, बहरागोड़ा में 46.4 मिमी और गुड़री में 43.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में इस दौरान 4.8 मिमी बारिश हुई।

धान और मड़ुवा की फसल को नुकसान की आशंका

बारिश के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। बुंडू, मांडर, लोहरदगा और गुमला समेत कई इलाकों में धान की कटाई शुरू हो चुकी है। खेतों में तैयार फसल को बारिश से बचाना किसानों के लिए चुनौती बन गया है। कई किसान कटी हुई धान की फसल को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल का सहारा ले रहे हैं।

बारिश से गिरा तापमान

बारिश और बादलों के कारण राज्य के कई शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है। चाईबासा में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है। रांची में अधिकतम तापमान 26 डिग्री रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments