उज्जवल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। शुक्रवार 20 नबंवर 2026 को कोर्रा थाना कांड संख्या-205/26 के आरोपी राहुल दुबे गैंग के अपराधी तुषार मिश्रा को देर रात पुलिस रिमांड पर पूछताछ के लिए रामगढ़ जेल से हजारीबाग लाया जा रहा था। इसी क्रम में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हत्यारी मोड़ के पास आरोपी ने शौच जाने के बहाने वाहन से उतरकर अचानक भागने का प्रयास किया। हालांकि, साथ चल रहे सुरक्षा बलों द्वारा घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। यह घटना शुक्रवार की देर रात की है।पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के मुताबिक इस दौरान धर-पकड़ के क्रम में आरोपी के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया है।
हजारीबाग में राहुल दुबे गिरोह की बढ़ी सक्रियता:
हजारीबाग जिले में राहुल दुबे गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को लेकर पुलिस लंबे समय से सक्रिय है। जिले में रंगदारी, फायरिंग, धमकी और अन्य गंभीर वारदातों में इस गिरोह का नाम सामने आता रहा है। इसी सिलसिले में पुलिस ने तुषार मिश्रा को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की थी, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों, ठिकानों और हालिया घटनाओं से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाई जा सकें।
कैसे हुई भागने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, रिमांड के दौरान जब पुलिस टीम अपराधी को लेकर आगे बढ़ रही थी, तभी तुषार मिश्रा ने मौका देखकर कस्टडी से भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और इलाके की घेराबंदी कर कुछ ही देर में उसे फिर से काबू में कर लिया। इसी भागदौड़ में वह गिर पड़ा, इस दौरान उसके पैर में गंभीर चोट लग गई। घायल होने के बाद सुरक्षा के बीच तुषार मिश्रा को सदर अस्पताल, हजारीबाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल परिसर और आसपास पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाज और स्थिति सामान्य होने के बाद उससे आगे की पूछताछ की जाएगी और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं पर जांच जारी रहेगी।

