रांची। पुंदाग ओपी क्षेत्र की सेल सिटी सोसाइटी में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक डी-4 ब्लॉक की नौवीं मंजिल की रेलिंग पर जा चढ़ा। युवक काफी देर तक रेलिंग पर ही मौजूद रहा और नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
नौवीं मंजिल की रेलिंग पर चढ़ा युवक
बताया गया कि युवक शाम करीब सात बजे डी-4 ब्लॉक की नौवीं मंजिल की रेलिंग पर पहुंच गया था। ऊंचाई पर युवक को इस तरह खड़ा देख सोसाइटी के लोगों में चिंता बढ़ गई। लोगों ने उसे समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुंदाग ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने भी युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी प्रयास के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
हरमू का रहने वाला बताया जा रहा युवक
पुलिस के अनुसार, युवक रांची के हरमू इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। हालांकि, वह सेल सिटी के डी-4 ब्लॉक की नौवीं मंजिल तक किस तरह पहुंचा, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
घटना के बाद लोगों ने ली राहत की सांस
युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद सोसाइटी के लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक वहां तक कैसे पहुंचा और रेलिंग पर चढ़ने की वजह क्या थी।

