नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पलटवार किया है। राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि सीआरपीएफ के जवानों के चेहरों से साफ पता चल रहा था कि उन्हें प्रधानमंत्री की बातों पर भरोसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विपक्षी नेताओं को नक्सली कहा है और अब इस मुद्दे पर खुलकर बहस होनी चाहिए।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीआरपीएफ को संबोधित करते हुए लिखा कि जवानों के चेहरों ने सब कुछ बता दिया। उन्हें प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमें नक्सली कहा है। मेरी चुनौती कायम है। प्रधानमंत्री मुझसे बहस करें कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के नियंत्रण में कौन काम कर रहा है। इसके लिए कोई भी समय और कोई भी जगह तय की जा सकती है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बहस के बाद प्रधानमंत्री किसी भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं कर पाएंगे।
बस्तर में जवानों के बीच पीएम मोदी ने दिया था बयान
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो बेस कैंप करनपुर में जवानों के साथ दीपावली मनाई थी। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की सफलता की सराहना की थी। साथ ही उन्होंने कहा था कि जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा था कि हथियारबंद नक्सलियों के जंगलों से खत्म होने के बाद अब ‘दिमागी नक्सल’ कई राजनीतिक दलों और संगठनों में घुसपैठ कर चुके हैं। ऐसे तत्व संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें पराजित करने की जरूरत बताई थी।
‘दिमागी नक्सल’ टिप्पणी पर विपक्ष का विरोध
प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। विपक्षी दलों का आरोप है कि ‘दिमागी नक्सल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल लोकतांत्रिक असहमति रखने वालों को बदनाम करने के लिए किया जा रहा है।
राहुल गांधी इससे पहले भी प्रधानमंत्री को सार्वजनिक बहस की चुनौती देते रहे हैं। वहीं, भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की इस चुनौती पर सवाल उठाते हुए कहा है कि लोकसभा में बहस के लिए पहले से मंच उपलब्ध है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी राहुल गांधी से संसद में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने की बात कही है।
फिलहाल ‘दिमागी नक्सल’ टिप्पणी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

