HomeBreaking Newsप्रिंस खान के गिरोह पर अंतरराष्ट्रीय घेराबंदी तेज, दुबई में छिपे भाई...

प्रिंस खान के गिरोह पर अंतरराष्ट्रीय घेराबंदी तेज, दुबई में छिपे भाई और साले के विरुद्ध रेड कॉर्नर नोटिस जारी

धनबाद। अपराधी प्रिंस खान के आपराधिक साम्राज्य पर शिकंजा कसने के लिए जांच एजेंसियों ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घेराबंदी तेज कर दी है। प्रिंस खान के बाद अब उसके करीबियों पर भी नकेल कसते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उसके भाई गोपी खान और साले ऋतिक खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है, जिनके दुबई में छिपे होने की जानकारी सामने आई है। वासेपुर से शुरू हुआ प्रिंस खान का यह नेटवर्क धनबाद के कारोबारियों को धमकी देने, रंगदारी मांगने और फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने के कारण लंबे समय से जांच एजेंसियों के रडार पर है। धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस आपराधिक नेटवर्क से जुड़े गोपी खान और ऋतिक खान की तलाश को लेकर एनआईए ने यह बड़ा कदम उठाया है, जिससे विदेश में छिपे दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि धनबाद पुलिस भी इन दोनों के विरुद्ध पहले कार्रवाई कर चुकी है और अगस्त 2026 में ब्यूरो आॅफ इमिग्रेशन की ओर से इनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था, लेकिन अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने से यह मामला पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। इससे पूर्व धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान के एक अन्य भाई बंटी खान को भी पाकिस्तान भागने की फिराक में विदेश जाते समय पकड़ा था और 14 सितंबर को गिरफ्तार कर धनबाद लाया गया था।

लुक आउट सर्कुलर से लेकर रेड कॉर्नर नोटिस तक की यह सख्त कार्रवाई स्पष्ट करती है कि धनबाद में दहशत और रंगदारी का नेटवर्क चलाने वालों के विरुद्ध अब केवल स्थानीय पुलिस ही नहीं, बल्कि केंद्रीय एजेंसियां भी देश की सीमाओं के बाहर उन्हें घेरने में जुटी हैं। हालांकि, अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस नोटिस के बाद गोपी और ऋतिक को कब तक भारत प्रत्यर्पित कर लाया जा सकेगा तथा प्रिंस खान के पूरे गिरोह का पूरी तरह सफाया कब तक होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments