HomeStates'सातवीं फेल को मुख्यमंत्री बना देंगे तो ऐसे ही बयान आएंगे', सम्राट...

‘सातवीं फेल को मुख्यमंत्री बना देंगे तो ऐसे ही बयान आएंगे’, सम्राट चौधरी पर प्रशांत किशोर का तंज

बेगूसराय। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘क्राइम और अपराध’ को लेकर दिए गए बयान पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि हर पांच-दस दिन में वह ऐसा कुछ बोल देते हैं, जिससे जनता को हंसने और अपने समाज का मजाक उड़ाने का मौका मिल जाता है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि गलती सम्राट चौधरी की नहीं, बल्कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाने वालों की है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान को लेकर उनकी शैक्षणिक योग्यता पर भी टिप्पणी की। यह बयान उन्होंने बुधवार को बेगूसराय के दिनकर भवन में जन सुराज के नवनियुक्त जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दिया।

सम्राट चौधरी के किस बयान पर भड़के प्रशांत किशोर?

दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर बात करते हुए कहा था कि राज्य में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं है। उन्होंने दावा किया था कि बिहार में अपराध की अवधारणा खत्म हो चुकी है और कोई अपराधी नहीं है।

मुख्यमंत्री के इसी बयान पर विपक्षी नेताओं ने सवाल उठाए। प्रशांत किशोर ने भी इसे लेकर कटाक्ष किया और कहा कि अपराध और क्राइम का फर्क नहीं जानने वाले व्यक्ति से क्या उम्मीद की जा सकती है।

दो निर्दलीय MLC के BJP में शामिल होने पर भी उठाए सवाल

प्रशांत किशोर ने बिहार विधान परिषद के दो निर्दलीय सदस्यों के भाजपा में शामिल होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों की सदस्यता जाना तय है। उन्होंने इस घटनाक्रम को असंवैधानिक बताते हुए कहा कि जन सुराज की ओर से विधान परिषद के सभापति को याचिका सौंपी गई है।

उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में संविधान के अनुरूप फैसला नहीं हुआ, तो जन सुराज न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। उनके मुताबिक, यह विधान परिषद का मामला है, इसलिए विधानसभा अध्यक्ष के बयान का इस पर कोई महत्व नहीं है।

मधुबनी गोलीकांड में ASI पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

मधुबनी गोलीकांड को लेकर भी प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना को प्रथम दृष्टया गलत बताते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही। उन्होंने मांग की कि मामले में आरोपी एएसआई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।

प्रशांत किशोर ने बताया कि घटना के बाद जन सुराज की जिला इकाई ने सड़क जाम और धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बनाया है। पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भी पीड़ित परिवार से मिला है।

बेगूसराय में संगठन मजबूत करने पर भी हुई चर्चा

प्रशांत किशोर बेगूसराय के दिनकर भवन में जन सुराज के नवनियुक्त जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों की बैठक में शामिल हुए थे। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।

इस दौरान नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ. सुरेश प्रसाद राय, जिलाध्यक्ष डॉ. सोनू शंकर, प्रो. संजय गौतम और विंग कमांडर रंजीत कुमार समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments