बोकारो : पिंड्राजोरा थाना पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा XUV 500 से 45 कार्टून अवैध केन बीयर बरामद की। पुलिस के अनुसार वाहन में कुल 1080 पीस हायवर्ड्स 5000 केन बीयर लदी थी। शराब की अनुमानित मात्रा को लेकर पुलिस ने फिलहाल कोई कीमत नहीं बताई है।
पुलिस को 7 सितंबर को करीब 3:50 बजे सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से चास की ओर आ रही सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500 (WB02AA 5500) में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर पिंड्राजोरा पुलिस ने चास कॉलेज के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, चालक चेक नाका को चकमा देकर वाहन लेकर भाग निकला। गश्ती दल ने पीछा करते हुए सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बिरसा बसा के पास वाहन को पकड़ लिया। हालांकि चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
वाहन की तलाशी लेने पर 45 कार्टून में कुल 1080 केन बीयर बरामद हुई। पुलिस ने वाहन और बीयर को जब्त कर लिया है। मामले में वाहन मालिक, चालक और उसके सहयोगी के खिलाफ पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 109/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 274/275/3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में पिंड्राजोरा थाना के सह थाना प्रभारी रवि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप टुडू, आरक्षी दीपक कुमार महतो, आरक्षी दिलीप विश्वकर्मा और गृहरक्षक चालक चंदन कुमार शामिल थे।

