Homeराजनीतिनितिन नवीन का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- विदेशी ताकतों के...

नितिन नवीन का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा विपक्ष

रांची। कांके में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर टूलकिट की तरह काम कर रहे हैं और देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष की ऐसी कोशिशों का राजनीतिक स्तर पर जवाब देगी। साथ ही उन्होंने झारखंड में पार्टी को फिर से मजबूत बनाने और कमल खिलाने के लिए कार्यकर्ताओं से मिशन मोड में काम करने का आह्वान किया।

नितिन नबीन ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है और लोग उनके साथ आगे बढ़ना चाहते हैं। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी और जवाबदेही समझते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि उन्हें जनता से जोड़कर परिणाम हासिल करना होना चाहिए।

नागरिकों के बजाय घुसपैठियों के वोट बचाने का आरोप

अपने संबोधन में नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को देश के वास्तविक नागरिकों के वोट की चिंता नहीं है, बल्कि वह घुसपैठियों के वोट बचाने की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर पूरी ताकत से जनता के बीच जाएगी। पार्टी ने लोकतंत्र बचाओ कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है और इसके तहत सड़क पर उतरकर अपनी बात रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर वर्ग तक पहुंचकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देगी।

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि विपक्ष की नीति और नीयत में खोट है, जबकि भाजपा के पास स्पष्ट नीति, मजबूत संगठन और निर्णायक नेतृत्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाने और विपक्ष के खिलाफ राजनीतिक अभियान तेज करने की अपील की।

संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

नितिन नबीन ने कहा कि देश में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान के मूल्यों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए आपातकाल और विभिन्न राज्यों में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के फैसलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज संविधान और लोकतंत्र की दुहाई देने वाले कांग्रेस नेताओं को अपने राजनीतिक इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस अपने शासनकाल में संवैधानिक संस्थाओं के कामकाज पर इसी तरह सवाल क्यों नहीं उठाती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करती है और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर विपक्ष के आरोपों से सहमत नहीं है।

एसआईआर को लेकर कांग्रेस के दावों पर उठाए सवाल

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का उल्लेख करते हुए नितिन नबीन ने बिहार का उदाहरण दिया। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान कांग्रेस की ओर से अपेक्षा के अनुरूप दावा-आपत्तियां दर्ज नहीं कराई गईं। उन्होंने कहा कि बिहार के 38 जिलों में कांग्रेस की ओर से 38 से भी कम शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस को मतदाता सूची में गड़बड़ी की आशंका थी, तो उसके कार्यकर्ताओं ने पर्याप्त शिकायतें क्यों नहीं दर्ज कराईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती है। नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए अभियान चलाएगी।

झारखंड में हेमंत सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान

झारखंड की राजनीति पर बात करते हुए नितिन नबीन ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में व्याप्त कथित अराजकता के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब राज्य में छात्र और युवा आंदोलन कर रहे थे, तब कांग्रेस के नेता उनके समर्थन में मजबूती से सामने नहीं आए, जबकि दिल्ली में बैठकर वे छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर बात करते हैं।

मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा सरकार ने नीट के माध्यम से मेडिकल शिक्षा में अवसर बढ़ाने और परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि अब गरीब परिवारों के बच्चे भी मेडिकल शिक्षा हासिल कर डॉक्टर बनने का सपना पूरा कर सकते हैं।

छात्रों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई का ऐलान

नितिन नबीन ने कहा कि झारखंड में जिन छात्रों के साथ अन्याय हुआ है, भाजपा उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाएगी। जरूरत पड़ने पर न्यायालय में भी उनकी लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा को फिर से मजबूत बनाने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना होगा। स्थानीय मुद्दों को पहचानकर जनता के बीच पहुंचना और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना जरूरी है। नितिन नबीन ने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मेहनत से झारखंड में भाजपा को नई राजनीतिक ताकत मिलेगी।

नितिन नबीन के संबोधन में कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमले के साथ-साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण, संवैधानिक संस्थाओं, छात्र-युवा मुद्दों और झारखंड में संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को जनता तक पहुंचाने और पार्टी के राजनीतिक अभियान को तेज करने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments