HomeLatest Newsकार्तिक पूर्णिमा पर नृसिंह मंदिर में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, अहले सुबह...

कार्तिक पूर्णिमा पर नृसिंह मंदिर में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, अहले सुबह 3 बजे खुले कपाट

खपरियावां के ऐतिहासिक मंदिर में दर्शन-पूजन शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; ईख और गेंदा फूल से सजेगा पारंपरिक कैतारी मेला
अजय निराला | उज्ज्वल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड स्थित खपरियावां के प्रसिद्ध ऐतिहासिक नृसिंह स्थान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर के कपाट अहले सुबह तीन बजे ही खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही मंदिर में दर्शन-पूजन शुरू हो गया है। दिनभर भक्त भगवान नृसिंह के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।

श्री नरसिंह स्थान पूजा समिति के सचिव एडवोकेट अजय मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। समिति ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से भी सहयोग का आग्रह किया है। मंदिर आने वाले भक्तों के बीच खिचड़ी का महाभोग वितरित किया जाएगा।

ईख और गेंदा फूल से सजेगा पारंपरिक कैतारी मेला

कार्तिक पूर्णिमा पर मंदिर के समीप पारंपरिक मेले का आयोजन भी होगा। इस मेले में ईख (गन्ना) और गेंदा फूल की विशेष मांग रहती है। स्थानीय किसान और श्रद्धालु इन वस्तुओं को लेकर मंदिर पहुंचते हैं। इसी परंपरा के कारण इस मेले को स्थानीय स्तर पर ‘कैतारी मेला’ भी कहा जाता है।

मंदिर के पूजा प्रभारी पंडित उपेंद्र मिश्र और दामोदर मिश्र की वर्तमान पीढ़ी श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में सहयोग करेगी। मंदिर परिसर में भगवान विष्णु के दशावतार की प्रतिमाओं के दर्शन और पूजन का भी विशेष महत्व है।

400 साल से अधिक पुराना है नृसिंह मंदिर का इतिहास

हजारीबाग के खपरियावां गांव में स्थित नृसिंह स्थान मंदिर भगवान विष्णु के चौथे अवतार भगवान नरसिंह को समर्पित है। स्थानीय मान्यता और उपलब्ध ऐतिहासिक जानकारी के अनुसार, मंदिर की स्थापना वर्ष 1632 में दामोदर मिश्र ने कराई थी।

मंदिर के गर्भगृह में काले ग्रेफाइट पत्थर से निर्मित भगवान नरसिंह की प्राचीन प्रतिमा स्थापित है। इसे करीब 400 वर्ष पुराना माना जाता है। यहां भगवान नरसिंह के साथ एक प्राचीन शिवलिंग भी विराजमान है। इस कारण मंदिर वैष्णव और शैव दोनों परंपराओं के श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है।

मंदिर परिसर में भगवान विष्णु के दशावतार के अलावा सूर्यदेव, मां काली, शिव-पार्वती, नवग्रह और हनुमान जी की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं।

कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स ने चलाया सफाई अभियान

कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा से पहले कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के जवानों ने पूजा समिति और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। कंपनी के डायरेक्टर टुनटुन सिंह के नेतृत्व में जवानों ने स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बताया गया कि कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के जवान दशहरा, दीपावली और छठ पूजा जैसे अवसरों पर भी शहर में सफाई अभियान चलाकर नि:शुल्क सेवा देते रहे हैं। नृसिंह मंदिर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में भी जवानों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments