आरएन +2 उच्च विद्यालय पदमा के प्रभारी प्रधानाध्यापक और शारीरिक शिक्षा के शिक्षक को शोकाॅज, अगले आदेश तक के लिए वेतन स्थगित
-उच्चाधिकारियों को दिग्भ्रमित करने के आरोप में अनुशासनिक कार्रवाई की चेतावनी
-विद्यालय में वक्त पर बायोमीट्रिक हाजिरी नहीं बनाने और स्कूल कैंपस और बार घूमते पाए गए विद्यार्थी
-डीइओ के औचक निरीक्षण में विद्यालय की कई अनियमितताएं उजागर
-उज्जवल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। शारीरिक शिक्षा के शिक्षक को बचाने के प्रयास में आरएन प्लस टू उच्च विद्यालय, पदमा के प्रभारी प्रधानाध्यापक भी मुश्किल में पड़ गए हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कुमारी नीलम के औचक निरीक्षण में विद्यालय में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। इसके बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय प्रसाद और शारीरिक शिक्षा के शिक्षक मधुसूदन कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही अगले आदेश तक दोनों का वेतन स्थगित कर दिया गया है।
डीईओ के निरीक्षण में सामने आई अनियमितताएं
जानकारी के अनुसार, डीईओ कुमारी नीलम ने 23 नवंबर को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने पाया कि विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राएं परिसर के अंदर और बाहर सड़क पर घूम रहे थे। इसके अलावा शिक्षक उपस्थिति पंजी और ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर दर्ज बायोमीट्रिक उपस्थिति की भी जांच की गई।
जांच में शारीरिक शिक्षा के शिक्षक मधुसूदन कुमार सिंह की उपस्थिति सुबह 11:47 बजे दर्ज पाई गई, जबकि विद्यालय का निर्धारित समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक है।
नवंबर महीने में बायोमीट्रिक हाजिरी भी अधूरी
निरीक्षण के दौरान नवंबर 2026 के बायोमीट्रिक उपस्थिति रिकॉर्ड की जांच में मधुसूदन कुमार सिंह के इन टाइम और आउट टाइम का कॉलम खाली पाया गया। वहीं, स्टेटस कॉलम में अधिकांश जगह ‘नॉट मार्क्ड’ दर्ज था।
इस पर डीईओ ने आपत्ति जताते हुए कहा कि रिकॉर्ड से प्रथम दृष्टया स्पष्ट होता है कि शारीरिक शिक्षा के शिक्षक विद्यालय में अनियमित रूप से उपस्थित होते हैं।
हेडमास्टर पर उच्चाधिकारियों को गुमराह करने का आरोप
डीईओ के अनुसार, जब प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय प्रसाद से शिक्षक की उपस्थिति को लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि मधुसूदन सिंह निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचे थे। हालांकि, बायोमीट्रिक रिकॉर्ड में दर्ज तथ्यों से उनका जवाब मेल नहीं खाता।
डीईओ ने प्रथम दृष्टया माना कि शिक्षक की अनियमित उपस्थिति के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक की संलिप्तता भी है। साथ ही उच्चाधिकारियों को भ्रामक जानकारी देकर गुमराह करने का आरोप लगाया गया है।
24 घंटे में देना होगा स्पष्टीकरण
डीईओ ने दोनों शिक्षकों को नोटिस जारी कर पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। आदेश में कहा गया है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक और शारीरिक शिक्षा के शिक्षक का आचरण सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के प्रतिकूल प्रतीत होता है।
दोनों का वेतन तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। उनसे यह भी पूछा गया है कि उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए।


