पलामू: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा (CGL) में कथित गड़बड़ी और अनियमितता के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने पलामू के एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के नामुदाग पंचायत स्थित डूमरी गांव निवासी कुंदन कुमार, पिता रामलाल राम के रूप में हुई है।
कुंदन कुमार ने JSSC CGL परीक्षा पास की थी और वर्तमान में गुमला जिले के सिसई प्रखंड में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित था। CID ने उसे पूछताछ के लिए रांची स्थित अपने कार्यालय बुलाया था, जहां लगातार पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी की गयी।
पूछताछ के लिए रांची बुलाया गया था
CID अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई JSSC CGL परीक्षा से संबंधित CID थाना कांड संख्या 01/2025 में की गयी है। जानकारी के अनुसार, CID ने कुंदन कुमार को पूछताछ के लिए रांची स्थित कार्यालय बुलाया था। वहां उससे लगातार पूछताछ की गयी और उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया।
पूछताछ के बाद CID ने कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पिता बोले- 2 सितंबर को CID कार्यालय पहुंचा था बेटा
कुंदन कुमार के पिता रामलाल राम ने बताया कि CID अधिकारियों ने 1 सितंबर को फोन कर उनके बेटे को 2 सितंबर को रांची कार्यालय बुलाया था। कुंदन के वहां पहुंचने के बाद उससे पूछताछ शुरू हुई। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया था।
मोबाइल जब्त होने के कारण परिवार के सदस्य उससे संपर्क नहीं कर पा रहे थे। बाद में परिजनों को जानकारी मिली कि CID ने कुंदन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पिता के अनुसार, 4 सितंबर को उनके पैतृक गांव नामुदाग में भी नोटिस भेजा गया था।
पहले भी सामने आ चुका है पलामू कनेक्शन
JSSC CGL मामले की जांच में पलामू से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ चुके हैं। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के एक शिक्षक संतोष कुमार सिंह को भी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में आरोपी बताया गया है। वह फिलहाल फरार है और CID उसकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।
इसके अलावा पांकी रोड निवासी रवि कुमार के ठिकाने पर भी CID की टीम पूर्व में दो बार छापेमारी कर चुकी है। दोनों आरोपियों के फरार होने की बात कही जा रही है। CID ने दोनों के खिलाफ न्यायालय से वारंट भी प्राप्त किया है।
JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान अब पलामू से जुड़े आरोपियों और उनकी भूमिका पर भी CID की कार्रवाई लगातार जारी है।

