जमशेदपुर: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची में तीन अफगानिस्तानी नागरिकों के नाम दर्ज पाए गए। इनमें आसिल खान, मो. असलम और मो. इब्राहिम के नाम शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि मतदान केंद्र संख्या 286 के सीरियल नंबर 30, 31 और 33 पर तीनों के नाम दर्ज थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों में विसंगति सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग ने उन्हें नोटिस जारी किया। उनसे भारतीय नागरिकता से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे इन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। जांच में तीनों के अफगानिस्तान के नागरिक होने की पुष्टि हुई। मामला सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग ने उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई की है।
वोटर लिस्ट से हटे नाम, डीसी-एसएसपी को जांच की जिम्मेदारी
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि तीन विदेशी नागरिकों की पहचान की गई है और उनके नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई के लिए जमशेदपुर के डीसी और एसएसपी को पत्र भेजा जा रहा है।
अब जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि इन विदेशी नागरिकों के नाम भारतीय मतदाता सूची में कैसे शामिल हुए। प्रशासन यह भी पता लगाने की कोशिश करेगा कि उन्हें वोटर लिस्ट में शामिल कराने में किसी व्यक्ति या बिचौलिए की भूमिका थी या नहीं।
इस घटना के बाद निर्वाचन विभाग की नजर राज्य के अन्य इलाकों पर भी है। संभावित रूप से संदिग्ध नामों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

