रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने 26 से 29 अगस्त के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
दिनवार बारिश का अलर्ट
- 26 अगस्त: गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना है। रांची समेत अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
- 27 अगस्त: चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, धनबाद और रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है।
- 28 अगस्त: गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
- 29 अगस्त: सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना है।
रांची में भी वज्रपात का अलर्ट
राजधानी रांची में 26 से 30 अगस्त तक गरज-चमक, तेज हवा, बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
- खुले मैदान में जाने से बचें।
- बारिश और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
- बिजली के खंभों और खुले तारों से दूरी बनाए रखें।
- मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें।
रांची में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जमशेदपुर में सबसे अधिक बारिश
मंगलवार को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान जमशेदपुर में सबसे अधिक 5.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि रांची में 0.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी वाले जिलों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

