उज्ज्वल दुनिया में 17 अक्टूबर को प्रकाशित खबर का असर, टाटा स्टील की सुरक्षा और ब्रांड सुरक्षा टीम ने की कार्रवाई
अजय निराला/उज्ज्वल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। राष्ट्रीय दैनिक उज्ज्वल दुनिया में 17 अक्टूबर को प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद टाटा स्टील की सुरक्षा और ब्रांड सुरक्षा टीम ने कार्रवाई करते हुए हजारीबाग क्षेत्र में टाटा टिस्कॉन ब्रांडेड टीएमटी सरिया बरामद किया है। परिवहन के दौरान सरिया की कथित चोरी और संदिग्ध रूप से रखे जाने की सूचना मिलने पर कंपनी की टीम ने जांच अभियान चलाया।
सूचना के आधार पर टाटा स्टील की टीम हजारीबाग-बरही मार्ग पर पहुंची और संबंधित स्थल का निरीक्षण किया। तलाशी के दौरान सड़क किनारे स्थित एक होटल के पीछे खुले स्थान पर टाटा टिस्कॉन ब्रांडेड टीएमटी सरिया पड़े मिले। इनमें सरिया के कटे हुए टुकड़े भी शामिल थे। टीम ने बरामद सामग्री का दस्तावेजीकरण किया और उसे जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।
पदमा थाना में लिखित शिकायत
टाटा स्टील ने अपने ब्रांडेड टीएमटी सरिया की कथित चोरी और संदिग्ध अनधिकृत तरीके से रखे जाने या इस्तेमाल किए जाने के मामले में पदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंपनी की टीम स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
कंपनी के सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान
यह बरामदगी अभियान टाटा स्टील के सुरक्षा प्रमुख अखिलेश कुमार, सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक बिमलेश कुमार राय और ब्रांड सुरक्षा के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक ध्रुबोज्योति साहा की मौजूदगी में चलाया गया।
मामले में बरामद सरिया के स्रोत, उसके परिवहन और वहां रखे जाने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।




