जमशेदपुर। झारखंड सरकार ने राज्य के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। खेल व युवा कार्य निदेशालय की उच्चस्तरीय समिति ने 493 खिलाड़ियों को करीब 4.51 करोड़ रुपये की नकद सम्मान राशि देने की मंजूरी दी है। इन खिलाड़ियों ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है।
493 खिलाड़ियों के आवेदनों को मिली मंजूरी
रांची में खेल निदेशक की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में 1 अप्रैल 2024 से 31 जनवरी 2026 के बीच जीते गए पदकों से संबंधित आवेदनों की समीक्षा की गई। सम्मान राशि के लिए कुल 911 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 493 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।
इन खिलाड़ियों ने हॉकी, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, वुशू और पारा गेम्स समेत 24 खेल विधाओं में उपलब्धियां हासिल की हैं। पात्र खिलाड़ियों ने कुल 241 स्वर्ण, 136 रजत और 107 कांस्य पदक जीते हैं। इसके अलावा, नौ खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए भी सम्मान राशि दी जाएगी।
खिलाड़ी पेंशन योजना में कम आवेदन पर चिंता
बैठक में झारखंड खिलाड़ी पेंशन योजना को लेकर भी चर्चा हुई। पूर्व खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना के तहत पात्र खिलाड़ियों को 5,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का प्रावधान है।
समिति ने पाया कि योजना के लिए केवल 21 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जांच के दौरान इनमें से सिर्फ दो आवेदन ही योग्य पाए गए, जबकि अन्य आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी थी।
सभी जिलों में प्रचार-प्रसार का निर्देश
कम आवेदन आने और दस्तावेजों की कमी को देखते हुए खेल व युवा कार्य निदेशालय ने सभी जिलों के उपायुक्तों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य योग्य पूर्व खिलाड़ियों तक योजना की जानकारी पहुंचाना और उन्हें इसका लाभ दिलाना है।

