HomeBreaking Newsझारखंड स्थापना दिवस समारोह की तैयारी तेज, पूजा सिंघल ने बिरसा मुंडा...

झारखंड स्थापना दिवस समारोह की तैयारी तेज, पूजा सिंघल ने बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम का किया निरीक्षण

रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के मुख्य समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव और आयोजन-सह-समन्वय समिति की अध्यक्ष पूजा सिंघल ने खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

पूजा सिंघल ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि मुख्य समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

17 से 27 नवंबर तक मनेगा स्थापना दिवस पखवाड़ा

झारखंड में 17 से 27 नवंबर तक स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान राज्य के सभी जिलों में झारखंड की विशेषताओं, उपलब्धियों और संभावनाओं को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। इसके लिए तीन प्रमुख थीम निर्धारित की गई हैं।

इनमें ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी’ शामिल हैं।

तीन थीम पर सजेंगी जिलों की प्रदर्शनियां

प्रदर्शनियों के माध्यम से जिलों के स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक गतिविधियों को सामने लाया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रदर्शनियां आकर्षक होने के साथ-साथ लोगों को जानकारी देने वाली भी हों।

इस पहल का उद्देश्य ‘एक जिला, एक पहचान’ की अवधारणा को मजबूत करना और झारखंड की विशिष्टताओं को व्यापक पहचान दिलाना है।

सभी विभागों को बेहतर समन्वय का निर्देश

निरीक्षण के दौरान उद्योग सचिव अरवा राजकमल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, संस्कृति निदेशक आशीष एक्का, खादी बोर्ड के निदेशक आलोक कुमार, खान निदेशक राहुल कुमार सिन्हा, उद्योग निदेशक विशाल सागर, जेईपीसी के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जेएसएलपीएस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनन्य मित्तल, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह, सचिव हिमांशु लाल, रांची के सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत और जिला प्रशासन के अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल हुए।

पूजा सिंघल ने सभी अधिकारियों से सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय के साथ स्थापना दिवस पखवाड़े को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन झारखंड की प्रगति, संस्कृति और आर्थिक संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments