रांची/जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास करीब सुबह 3 बजे हुआ।
खड़े ट्रक से टकराई कार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मरीन ड्राइव पर एक ट्रेलर/ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार उसके पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हुई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वाहन से शवों को निकालने के लिए पुलिस और राहत टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।
मृतकों में मंत्री की बेटी भी शामिल
मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का नाम सामने आया है। अन्य मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में विभिन्न रिपोर्टों में दी गई है।
हेमंत सोरेन ने दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
इरफान अंसारी ने भी दुख जताया
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने ट्वीट करके लिखा कि जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का निधन हो गया। इस असहनीय दुख की घड़ी में वो दीपिका पांडेय और उनके पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। एक मां के लिए संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
बाबूलाल मरांडी ने भी शोक जताया
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री के असामयिक निधन की अत्यंत दुःखद सूचना से मन व्यथित है। अल्पायु में संतान का निधन माता-पिता के लिए असहनीय पीड़ा और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं दीपिका पांडेय और उनके शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

