HomeNationalभारत-EU के बीच दिसंबर में हो सकता है ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता,...

भारत-EU के बीच दिसंबर में हो सकता है ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता, 2027 के मध्य से लागू होने की उम्मीद

नई दिल्ली: भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच लंबे समय से प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर जल्द मुहर लग सकती है। यूरोपीय संघ के भारत में राजदूत जीन-एरिक पाके के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच दिसंबर 2026 में इस समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। वहीं, सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इसे 2027 के मध्य तक लागू किया जा सकता है।

नई दिल्ली। भारत और यूरोपीय संघ के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। यूरोपीय संघ के राजदूत जीन-एरिक पाके ने बताया कि भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जनवरी 2026 में सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। फिलहाल दोनों पक्ष समझौते के तकनीकी और कानूनी पहलुओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

राजदूत पाके ने एक वीडियो संदेश में बताया कि यूरोपीय आयोग ने सितंबर में समझौते पर हस्ताक्षर करने का प्रस्ताव यूरोपीय संघ की परिषद को भेजा था। अब यूरोपीय देशों के मंत्रियों की मंजूरी मिलने के बाद दिसंबर में इस पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है।

यूरोपीय संसद की मंजूरी के बाद लागू होगा समझौता

राजदूत के मुताबिक, समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद इसे यूरोपीय संसद की जांच और मंजूरी की प्रक्रिया से गुजरना होगा। संसद समझौते के पूरे दस्तावेज की समीक्षा करेगी और इसके बाद इसे स्वीकार या अस्वीकार करने का फैसला लेगी। इस प्रक्रिया में नए सिरे से बातचीत नहीं होगी।

यूरोपीय संसद की मंजूरी और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद समझौता 2027 के मध्य तक लागू हो सकता है। इसके लागू होते ही भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापारिक गतिविधियों को कई तरह की रियायतें मिलेंगी।

भारतीय निर्यातकों को मिलेगा बड़ा फायदा

इस समझौते से भारत के कपड़ा, परिधान, चमड़ा, जूते, समुद्री उत्पाद, रत्न एवं आभूषण, हस्तशिल्प, इंजीनियरिंग सामान और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, श्रम आधारित क्षेत्रों से भारत के करीब 33 अरब डॉलर के निर्यात को समझौता लागू होने के बाद शून्य शुल्क का लाभ मिल सकता है। इससे छोटे और मध्यम उद्योगों (MSME), कारीगरों, युवाओं और महिला उद्यमियों के लिए यूरोपीय बाजार में नए अवसर खुल सकते हैं।

2025 में 118 अरब यूरो का था द्विपक्षीय व्यापार

यूरोपीय आयोग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत और यूरोपीय संघ के बीच वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार करीब 118 अरब यूरो रहा। माना जा रहा है कि मुक्त व्यापार समझौता लागू होने के बाद दोनों पक्षों के बीच व्यापारिक गतिविधियों में और तेजी आएगी।

समझौते में वस्तुओं के व्यापार के अलावा सेवाओं, डिजिटल व्यापार, सीमा शुल्क, बौद्धिक संपदा अधिकार और पेशेवरों की आवाजाही जैसे महत्वपूर्ण विषय भी शामिल हैं। इससे भारतीय कुशल पेशेवरों को यूरोपीय देशों में काम करने के नए अवसर मिलने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments